
Tonk: आरोपियों के कब्जे से बरामद स्मैक (फोटो-पत्रिका)
टोंक। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 लाख रुपए कीमत की स्मैक जब्त की है। जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने निवाई सदर थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 92 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी स्मैक की खेप लेकर जयपुर के सांगानेर में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब इस तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।
डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत डीएसटी टीम निवाई सदर थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इस दौरान टीम ने एनबीसी फैक्ट्री के सामने निगरानी और नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा। पुलिस टीम ने दोनों को घेरकर तलाशी ली तो उनके पास से 92 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयराज बैरवा (23) पुत्र रामकिशन और विकास बैरवा (22) पुत्र बनवारी लाल के रूप में की है। दोनों आरोपी अलीपुरा गांव, थाना मेहंदवास क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ निवाई सदर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपए बताई गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक लेकर जयपुर के सांगानेर जा रहे थे। वहां किसी व्यक्ति तक इस खेप को पहुंचाया जाना था। इस जानकारी के बाद पुलिस की जांच का दायरा निवाई से बढ़कर जयपुर तक पहुंच गया है। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों को स्मैक कहां से मिली और सांगानेर में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी पहले भी इस तरह की सप्लाई कर चुके हैं या नहीं। पुलिस का फोकस स्मैक के स्रोत से लेकर उसके अंतिम खरीदार तक पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने पर है। अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
1 Nov 2026, 5:08 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 5:08 PM IST
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.