
Bilara: शनिवार देर रात तक पुलिस थाने के बाहर धरना देते ग्रामीण। (फोटो-पत्रिका)
जोधपुर। बिलाड़ा पंचायत समिति की भावी ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के दौरान 150 बैलेट पेपर चोरी होने के मामले में प्रशासन ने पुनर्मतदान को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सोमवार, 2 नवंबर को प्रस्तावित पुनर्मतदान स्थगित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर आलोक रंजन ने यह निर्णय क्षेत्र में बनी तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए लिया है। पुनर्मतदान की नई तारीख अलग से घोषित की जाएगी।
भावी ग्राम पंचायत में 30 अक्टूबर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान के दौरान बूथ संख्या 12 से करीब 150 बैलेट पेपर गायब हो गए थे। इस घटना के बाद मतदान केंद्र पर हंगामा शुरू हो गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण विरोध में धरने पर बैठ गए। मामला बढ़ने पर मतदान प्रक्रिया भी प्रभावित हुई। निर्वाचन प्रक्रिया की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने भावी ग्राम पंचायत का चुनाव निरस्त कर सभी सात मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया था। इसके लिए 2 नवंबर की तारीख तय की गई थी।
पुनर्मतदान स्थगित करने के पीछे क्षेत्र में बिगड़ी कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रमुख वजह बताई जा रही है। बैलेट पेपर चोरी प्रकरण को लेकर बिलाड़ा थाने पर पथराव की घटना हुई थी। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन ने सुरक्षा और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए फिलहाल पुनर्मतदान टालने का फैसला किया है।
इस मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी पहले ही मतदान दल के अधिकारियों पर कार्रवाई कर चुके हैं। रिटर्निंग अधिकारी बिलाड़ा की तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर मतदान अधिकारी जगदीश सारण और सहायक मतदान अधिकारी सहीराम बिश्नोई को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। वहीं, सहायक मतदान अधिकारी मुकेश, भींयाराम और देवाराम को राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 17 सीसीए के तहत चार्जशीट दी गई है।
बैलेट पेपर चोरी के मामले में बिलाड़ा थाने में एफआईआर दर्ज है। इसमें मतदान अधिकारी जगदीश सारण, सहायक मतदान अधिकारी सहीराम बिश्नोई सहित तीन आरोपियों के नाम सामने आए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इससे पहले चुनाव के दिन जिले की अलग-अलग पंचायतों में हुए विवादों के बीच पुलिस ने 57 लोगों को गिरफ्तार किया था और 20 वाहन जब्त किए थे।
Updated on:
1 Nov 2026, 3:50 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 3:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.