
जयपुर। उत्तर प्रदेश के परिणाम से उत्साहित भाजपा अब राजस्थान में भी 200 मोटरसाइकिल बांटेगी। ये मोटरसाइकिलें विस्तारकों को दी जाएंगी, जो प्रत्येक विधानसभा के लिए नियुक्त किए गए हैं। पार्टी हर विस्तारक को एक-एक मोटरसाइकिल और पेट्रोल खर्च के 8 हजार रुपए प्रतिमाह देगी। मोटरसाइकिल पर घूम कर ये विस्तारक भाजपा के लिए काम करेंगे। विस्तारकों को यह मोटरसाइकिल पहले ही मिलनी थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इस बात से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश नेतृत्व से नाराजगी भी जाहिर की है। उन्होंने निर्देश दिए थे कि विस्तारकों को जल्द से जल्द मोटरसाइकिल दी जाएं। अब इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन मोटरसाइकिल की खरीद में करीब एक करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। इसी तरह हर माह विस्तारकों को प्रतिमाह करीब 16 लाख रुपए दिए जाएंगे।
यह काम कर रहे हैं विस्तारक
भाजपा ने अब तक करीब 190 विधानसभाओं के लिए विस्तारक बना दिए हैं। एक विस्तारक को एक विधानसभा का जिम्मा दिया गया है। यह विस्तारक हर माह दस से पन्द्रह दिन लोकसभा चुनाव तक अपने प्रभार वाली विधानसभा में रहेंगे। वे संगठन मजबूत करने, पुराने कार्यकर्ताओं से सम्पर्क करने और वर्तमान स्थिति का आकलन करने का काम करके उसकी रिपोर्ट बनाकर प्रदेश नेतृत्व को दे रहे हैं।
वहां जीपीएस ट्रेकर भी लगाए थे
उत्तर प्रदेश में भी भाजपा ने 403 विधानसभाओं के लिए इतनी ही मोटरसाइकिल खरीदी थीं। इन पर जीपीएस ट्रेकर भी लगाए गए थे। प्रतिदिन यह मोटरसाइकिल विधानसभा क्षेत्र में घूमती थीं। इन पर सवार भाजपा कार्यकर्ता विधानसभा में प्रचार करते, लोगों से मिलते और इसकी दिनभर की रिपोर्ट बनाकर प्रदेश नेतृत्व को भेजते थे। इस प्रयोग से भाजपा उत्तर प्रदेश में प्रत्येक विधानसभा में अंतिम छोर तक बैठे मतदाता तक पहुंच सकी।
Read More: Sikar Rain : निचले इलाकों में टूट गया कई सालों का रिकॉर्ड, बारिश ने रातभर दिखाया ऐसा मंजर