
नगरपालिका का बजट 28 करोड़ 72 लाख 87 हजार रुपए का शनिवार को पालिकाध्यक्ष विशन कुमार जिनांगल की अध्यक्षता में सर्व सम्मति से पारित हुआ। बैठक का संचालन ईओ गुरदीप सिंह दंदीवाल ने किया। पालिकाध्यक्ष ने वार्षिक बजट सदन में रखा, जिसे सदन ने मात्र एक मिनट में पारित किया। पालिका की ओर से प्रस्तावित बजट में 7.49 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य करवाये जाएंगे। जिसमें 2.50 करोड़ सीसी सड़कों पर, 20 लाख डामर सड़कों पर, 50 लाख रुपये पुल व पुलिया निर्माण पर, 1 करोड़ रुपये में स्वच्छ भारत मिशन के तहत खर्च किये जायेंगे। शहर में विभिन्न स्थानों पर शौचालय निर्माण पर 5 लाख रुपये खर्च किये जायेंगे। एमपी व एमएलए कोटे से 50-50 लाख रुपये के कार्य करवाया जाना प्रस्तावित हैं। प्रतिपक्ष नेता मेहताब सिंह गुरिया ने बजट को शहर के अनुकूल बताया। उपाध्यक्ष रामावतार यादव, नरेन्द्र खीचड़, जसविन्द्र सिंह, दौलतराम, मनीष शर्मा, प्रियंका सहारण, सुनील यादव, स्वरूप जांगू, मीनाक्षी, ममता धींगड़ा, अमन मक्कड़, चंचल सोनी, मेहताब सिंह, अशोक कुमार, पृथ्वीसिंह, जसविन्द्र, ललित, पूजा इन्दौरा व सुरेन्द्र जिलौवा आदि उपस्थित थे।