15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

उदयपुर : न बैंड-बाजा, न दहेज… शर्बत पीकर एक जोड़े में बहू को विदा कर ले गए

उदयपुर के मनीष विहार में मुस्लिम मुल्तानी अंहराग समाज ने सादगीपूर्ण निकाह की मिसाल पेश की। भीलवाड़ा से 25-30 बारातियों के साथ पहुंचे मोहम्मद औवेस ने सुमेरा परवीन से निकाह किया। बिना बैंड-बाजा, डीजे और दहेज के करीब डेढ़ घंटे में रस्म पूरी हुई। दुल्हन को 21 हजार रुपए मेहर अदा किया गया। मेहमानों का स्वागत सिर्फ शर्बत से हुआ। दोनों परिवारों ने संदेश दिया कि शादी को दिखावे और आर्थिक बोझ से मुक्त रखकर भी सम्मानपूर्वक संपन्न किया जा सकता है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

उदयपुर

•

image

Mukesh Gaur

•

Updated: 15 Nov 2026, 6:25 PM IST

निकाह के दौरान स्टेज पर बैठा दूल्हा और उसके साथी।

निकाह के दौरान स्टेज पर बैठा दूल्हा और उसके साथी।

उदयपुर. आज के दौर में जहां शादियों के लिए महीनों पहले मैरिज गार्डन और वाटिकाएं बुक होती हैं, लाखों रुपए सजावट, पकवान, बैंड-बाजे और रस्मों पर खर्च किए जाते हैं, वहीं उदयपुर में एक ऐसा निकाह हुआ, जिसने बढ़ते दिखावे और फिजूलखर्ची के बीच सादगी की नई मिसाल पेश की। न घोड़ी, न बैंड-बाजा, न डीजे और न ही दहेज की कोई मांग। भीलवाड़ा से महज 25-30 बारातियों के साथ दूल्हा पहुंचा। सीधे निकाह की रस्म हुई, करीब डेढ़ घंटे में निकाह मुकम्मल हुआ और हाथोंहाथ 21 हजार रुपए मेहर दुल्हन को अदा किए गए। इसके बाद मेहमानों को सिर्फ शर्बत पिलाया गया और दूल्हा अपनी दुल्हन को एक जोड़े में विदा कराकर ले गया।

यह निकाह शनिवार को शहर के मनीष विहार में मुस्लिम मुल्तानी अंहराग समाज में हुआ। उदयपुर निवासी मोहम्मद सईद की बेटी सुमेरा परवीन का निकाह भीलवाड़ा निवासी मोहम्मद अनीस के बेटे मोहम्मद औवेस से हुआ। दोपहर करीब एक बजे भीलवाड़ा से बारात पहुंची। लेकिन यह बारात पारंपरिक शोर-शराबे और दिखावे से बिल्कुल अलग थी। दूल्हा परिजन के साथ सीधे निकाह स्थल पर पहुंचा। रिश्तेदार निकाह के गवाह बने, दोनों ने निकाह कुबूल किया। इस आयोजन में सबसे खास बात यह रही कि लड़के वालों के कहने पर लड़की वालों की ओर से न कोई दावत रखी गई और न ही खाने-पीने के नाम पर लंबा इंतजाम किया गया। मेहमानों का स्वागत सिर्फ शर्बत से हुआ। शाम करीब चार बजे दूल्हा अपनी दुल्हन को विदा कराकर भीलवाड़ा रवाना हो गया।

बेटी की शादी को बोझ नहीं

दुल्हन सुमेरा परवीन के चाचा अब्दुल समद मुल्तानी का कहना है कि दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से निकाह को सादगीपूर्ण रखने का फैसला किया। उनका कहना है कि आज भी कई परिवार दहेज और शादी के भारी-भरकम खर्च के कारण बेटियों के निकाह को लेकर परेशान रहते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने से कई बार रिश्ते तय करने में भी मुश्किल आती है। ऐसे में समाज को यह समझना होगा कि निकाह को आसान बनाया जाए, ताकि किसी पिता को बेटी की शादी के लिए कर्ज न लेना पड़े और कोई परिवार आर्थिक दबाव में न आए।

दूल्हे के परिवार ने भी दिया बराबरी का संदेश

दूल्हे के पिता मोहम्मद अनीस ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े हैं। उन्होंने भी बेटे मोहम्मद औवेस के निकाह में सादगी को प्राथमिकता दी। परिवार का मानना था कि शादी दो लोगों और दो परिवारों के जुड़ने का रिश्ता है, इसे धन-दौलत और दिखावे से जोड़ना जरूरी नहीं। दहेज लिए बिना और लड़की वालों पर आर्थिक बोझ डाले बिना भी पूरे सम्मान और खुशी के साथ निकाह हो सकता है।