14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

उदयपुर : छोटी उम्र में लगा रोग…युवा कांधों पर ‘मीठे जहर’ का बोझ, हर माह 70 शिकार

उदयपुर में युवाओं में डायबिटीज के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। एमबी चिकित्सालय में हर महीने 70 से अधिक 20 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा मधुमेह की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार सालाना 840 से अधिक युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं। खराब जीवनशैली, मोटापा, तनाव, अनियमित दिनचर्या, फास्ट फूड और शारीरिक गतिविधियों की कमी प्रमुख कारण हैं। चिकित्सकों ने नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान और समय-समय पर जांच की सलाह दी है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

उदयपुर

•

image

Mukesh Gaur

•

Updated: 14 Nov 2026, 6:00 PM IST

health issue

demo pic

उदयपुर. कभी उम्रदराज लोगों की बीमारी मानी जाने वाली डायबिटीज (मधुमेह) अब तेजी से युवाओं को अपनी चपेट में ले रही है। लेकसिटी के युवाओं में बिगड़ती जीवनशैली, अनियमित दिनचर्या और मानसिक तनाव के कारण कम उम्र में ही टाइप-2 डायबिटीज के मामले चिंताजनक स्तर तक बढ़ गए हैं। संभाग के सबसे बड़े अस्पताल एमबी चिकित्सालय के आंकड़े इस गंभीर स्थिति की पुष्टि करते हैं, जहां हर महीने 70 से अधिक युवा मधुमेह की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ी

चिकित्सा आंकड़ों ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। एमबी अस्पताल के मेडिसिन और एंडोक्रिनोलॉजी विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक सालाना 840 से अधिक ऐसे युवा मरीज सामने आ रहे हैं, जिनकी उम्र 20 से 35 वर्ष के बीच है। औसतन हर सप्ताह 17 से 18 और प्रतिदिन 2 से 3 नए युवा मरीज डायबिटीज से ग्रसित पाए जा रहे हैं। यह आंकड़ा केवल सरकारी अस्पताल का है, यदि निजी क्लीनिक और अस्पतालों के मरीजों को भी जोड़ लिया जाए, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।

युवाओं में भी ब्लड शुगर बेकाबू

चिकित्सकों का मानना है कि पहले यह बीमारी 45 से 50 वर्ष की उम्र के बाद ही देखने को मिलती थी, लेकिन अब कॉलेज स्टूडेंट और कॅरियर की शुरुआत कर रहे युवाओं में भी ब्लड शुगर का स्तर बेकाबू मिल रहा है। देर रात तक जागना, देर से उठना, शारीरिक श्रम की कमी और स्क्रीन टाइम का बढ़ना प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा, घर के पारंपरिक और पौष्टिक भोजन की जगह फास्ट फूड, पैकेज्ड स्नैक्स और मीठे पेय पदार्थों के बढ़ते चलन ने युवाओं के मेटाबॉलिज्म को बुरी तरह प्रभावित किया है।

भविष्य में खतरा अधिक

शुरुआती दौर में युवा अधिक प्यास लगने, बार-बार पेशाब आने, अत्यधिक थकान और अचानक वजन घटने या बढ़ने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं। जब तक वे डॉक्टर के पास पहुंचते हैं, तब तक बीमारी गंभीर रूप ले चुकी होती है। कम उम्र में डायबिटीज होने से भविष्य में हृदय रोग, किडनी की समस्या और आंखों की रोशनी प्रभावित होने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

एमबी अस्पताल में युवा मरीजों का गणित

प्रतिदिन का औसत: 2 से 3 नए युवा मरीज

साप्ताहिक औसत: 17 से 18 युवा मरीज

मासिक आंकड़ा: 70 से अधिक युवा मरीज

वार्षिक आंकड़ा: 840 से अधिक युवा मरीज

ये करें तो बच सकते

सक्रिय रहें: रोजाना कम से कम 30 से 45 मिनट तेज चलें, योग या व्यायाम करें।

खान-पान सुधारें: मैदा, चीनी, जंक फूड और कोल्ड ड्रिंक्स से पूरी तरह दूरी बनाएं।

पर्याप्त नींद लें: रोजाना 7 से 8 घंटे की नींद लें, देर रात तक जागने की आदत बदलें।

तनाव प्रबंधन: पढ़ाई या काम के दबाव को हावी न होने दें, मेडिटेशन का सहारा लें।

नियमित जांच: परिवार में डायबिटीज मरीज है तो नियमित जांच करवाते रहें।

टॉपिक एक्सपर्ट...

युवाओं में डायबिटीज बढ़ने का सबसे बड़ा कारण खराब लाइफस्टाइल और बढ़ता मोटापा है। आजकल युवा घंटों एक ही जगह बैठकर काम करते हैं और शारीरिक व्यायाम से दूर हो गए हैं। समय रहते दिनचर्या में सुधार, संतुलित आहार और नियमित जांच से इस बीमारी को न केवल नियंत्रित किया जा सकता है, बल्कि इससे बचा भी जा सकता है।

डाॅ. संदीप कंसारा, डायबिटोलॉजिस्ट, एमबी चिकित्सालय