14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान भरते हैं ये परिंदे, हिमालय पार कर राजस्थान के मेनार पहुंचे बार हेडेड गूज

हिमालय की बर्फीली पर्वत श्रृंखलाओं को पार कर हजारों किलोमीटर का सफर तय करने वाले बार हेडेड गूज ने राजस्थान में दस्तक दे दी है। उदयपुर के बर्ड विलेज मेनार में इन मेहमान परिंदों का कलरव सुनाई देने लगा है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

उदयपुर

•

image

Kamal Mishra

•

image

उमेश मेनारिया

•

Updated: 14 Nov 2026, 4:49 PM IST

Bar Headed Goose

Bar-Headed Goose: Photo-patrika

उदयपुर। सर्दी की दस्तक के साथ ही राजस्थान के बर्ड विलेज मेनार में प्रवासी पक्षियों की चहचहाहट गूंजने लगी है। हजारों किलोमीटर की दूरी तय कर शीत प्रदेशों से आने वाले मेहमान परिंदों ने यहां के तालाबों को अपना ठिकाना बनाना शुरू कर दिया है। उदयपुर जिले के मेनार स्थित धण्ड तालाब पर इन दिनों देसी-विदेशी पक्षियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खास बात यह है कि हिमालय की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं को पार कर दुनिया के सबसे ऊंचाई पर उड़ान भरने वाले पक्षियों में शामिल बार हेडेड गूज भी यहां पहुंच चुका है। स्थानीय भाषा में इसे 'भाटिया' कहा जाता है।

इस बार नवंबर की शुरुआत में ही बार हेडेड गूज की आमद हो गई है। अब तक मेनार में 50 से अधिक प्रजातियों के देसी-विदेशी पक्षी पहुंच चुके हैं। पक्षियों के झुंडों से धण्ड तालाब का नजारा आकर्षक हो गया है। माना जा रहा है कि सर्दियों के मौसम में इनकी संख्या में और इजाफा होगा। प्रवासी पक्षी यहां मार्च-अप्रैल तक रहकर वापस अपने मूल प्रवास स्थलों की ओर लौटेंगे।

30 से 35 हजार फीट की ऊंचाई पर भरता है उड़ान

वन्यजीव फोटोग्राफर कपिल शर्मा के अनुसार बार हेडेड गूज अपनी असाधारण उड़ान क्षमता के लिए दुनिया भर में पहचाना जाता है। यह पक्षी प्रवास के दौरान करीब 30 से 35 हजार फीट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है। यह ऊंचाई सामान्यतः जेट विमानों की उड़ान के आसपास होती है। इतनी ऊंचाई पर तापमान शून्य से करीब 20 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच सकता है, इसके बावजूद यह पक्षी लंबी दूरी की उड़ान पूरी करने में सक्षम है।

यह पक्षी मध्य एशिया, तिब्बत और कजाकिस्तान के क्षेत्रों से हिमालय पार कर भारत पहुंचता है। अन्य कई प्रवासी पक्षियों की तुलना में मेनार में इसकी आमद कुछ देर से होती है। कई बार दिसंबर तक भी इसके झुंड यहां पहुंचते हैं, लेकिन इस बार नवंबर की शुरुआत में ही इनकी मौजूदगी दर्ज हो गई है।

100 से अधिक पक्षियों के झुंड में भी दिखते हैं बार हेडेड

बार हेडेड गूज आमतौर पर समूह में रहना पसंद करता है। इसके छोटे झुंड से लेकर 100 से अधिक पक्षियों के समूह देखे जा सकते हैं। यह मुख्य रूप से शाकाहारी पक्षी है और जलाशयों के आसपास उगने वाली मुलायम हरी घास के साथ खेतों में नरम पत्तियों को भी खाता है। यह पानी में अच्छी तरह तैर सकता है, हालांकि सामान्यतः डुबकी नहीं लगाता। सुबह और शाम के समय इसकी सक्रियता अधिक रहती है, जबकि दिन में यह विश्राम करता है।

पक्षी मित्र नितेश लोहार और करण मेनारिया के अनुसार मेनार तालाब पर अब तक 100 से अधिक बार हेडेड गूज पहुंच चुके हैं। इनके आने से पक्षी प्रेमियों और वन्यजीव फोटोग्राफरों में भी उत्साह है। सर्दियों के मौसम में मेनार के तालाब एक बार फिर हजारों प्रवासी पक्षियों की प्राकृतिक शरणस्थली बन रहे हैं।