जयपुर

गैंगस्टर की पोस्ट लाइक व शेयर करना पड़ा महंगा, 33 गिरफ्तार

जी-क्लब पर फायरिंग के मामले में वांछित लारेंस विश्नोई के गुर्गे रितिक व रोहित गोदारा को सोशल मीडिया पर फॉलो व पोस्ट लाइक करने वाले 33 लोगों को शांति भंग में गिरफ्तार किया गया है।
2 min read
• •
Updated: 5 Feb 2023, 1:26 PM IST
33 arrested for gangster on social media post like

जयपुर। जी-क्लब पर फायरिंग के मामले में वांछित लारेंस विश्नोई के गुर्गे रितिक व रोहित गोदारा को सोशल मीडिया पर फॉलो व पोस्ट लाइक करने वाले 33 लोगों को शांति भंग में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आयुक्तालय के दक्षिण जिले में 22 व उत्तर जिले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले शुक्रवार को 25 लोग गिरफ्तार किए गए थे। अब तक 58 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है।

लाइक न करें पोस्ट
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अजय लांबा ने बताया कि फायरिंग की घटना के बाद वांछित अपराधियों के पोस्ट को लाइक करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई कर उन्हें पाबंद किया गया है। इसलिए कोई भी रितिक बॉक्सर या रोहित गोदारा के धमकी भरे पोस्ट लाइक या शेयर न करें।

22 लोग दक्षिण जिले में गिरफ्तार
पुलिस उपायुक्त करण शर्मा ने बताया कि साइबर सैल व संबंधित थाना क्षेत्रों के समन्वय से 55 लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। उसके बाद 22 को गिरफ्तार किया गया। कोटखावदा में 4, मानसरोवर में 1, श्यामनगर में 1, महेश नगर में 2, शिप्रापथ में 1, मुहाना में 2, चाकसू में 5, सांगानेर सदर में 1, शिवदासपुरा में 3, सांगानेर सदर में 1, सोडाला में 1 को गिरफ्तार किया गया।

छात्र व हिस्ट्रीशीटर के बेटे ने शेयर की पोस्ट
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) परिस देशमुख ने बताया कि रामगंज थाना, भट्टा बस्ती थाना, गलता गेट थाना, आमेर थाना, ब्रह्मपुरी थाने ने मामले में कार्रवाई कर 11 को गिरफ्तार किया। मेट्रो में गार्ड, बीए फाइनल स्टूडेंट, पॉलीटेक्निक कॉलेज छात्र, अकाउंटेट प्राइवेट कॉलेज, होटल कर्मचारी व हिस्ट्रीशीटर के बेटे भी पोस्ट शेयर व लाइक करते पाए गए। जिनके विरुद्ध कार्रवाई की गई। अगर कोई अपराधियों को बढ़ावा देता पाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।

Published on: