चार घंटे की मशक्कत और 50 सीसीटीवी कैमरे देखने के बाद लापता बालक निवारू रोड पुलिया के पास ट्रैफिक पॉइंट पर तैनात पुलिसकर्मी के पास बैठा मिला।
जयपुर। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में नानी के घर आए बालक ने शनिवार सुबह पुलिस की परेड करवा दी। चार घंटे की मशक्कत और 50 सीसीटीवी कैमरे देखने के बाद लापता बालक निवारू रोड पुलिया के पास ट्रैफिक पॉइंट पर तैनात पुलिसकर्मी के पास बैठा मिला। पुलिस ने बताया कि सवाईमाधोपुर निवासी लक्ष्य (7) कक्षा दो का छात्र है।
कृष्ण जन्माष्टमी पर वह मां के साथ दौलतपुरा बैनाड रोड स्थित विजय नगर में ननिहाल आया था। शनिवार सुबह 8:30 बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह लापता हो गया, जब बच्चे का सुराग नहीं मिला तो परिजन ने हरमाड़ा थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो फुटेज में बच्चा घर के पास चाय की दुकान पर बैठा दिखाई दिया। इसके बाद वह दौड़ते हुए भैरुजी मंदिर सरना डूंगर की तरफ जाते दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर बालक को तलाश किया तो वह निवारू रोड पुलिया के पास ट्रैफिक पॉइंट पर तैनात हेड कांस्टेबल बृजमोहन के पास रोता हुआ मिला।