जयपुर

रात में दौड़ रही बस में आग, ड्राइवर को नहीं था मालूम, दो पुलिस वालों ने पीछा कर रोका, बचाई 70 जिदंगियां

मुरैना से जयपुर जा रही एक स्लीपर कोच बस में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब चलती बस में अचानक आग लग गई।
less than 1 minute read
• •
Updated: 3 Jun 2025, 10:25 AM IST
एआई जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर
एआई जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर

जयपुर। मुरैना से जयपुर जा रही एक स्लीपर कोच बस में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब चलती बस में अचानक आग लग गई। लेकिन तूंंगा थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त पर तैनात कांस्टेबल राजेश और राहुल की सजगता से बड़ा हादसा टल गया और बस में सवार करीब 70 यात्रियों की जान बच गई।

घटना तूंंगा थाना क्षेत्र के लालसोट रोड स्थित वीर तेजाजी मंदिर के सामने की है। रात्रि गश्त पर निकले चेतक वाहन में मौजूद कांस्टेबल राजेश को बस के पिछले टायर के हिस्से में आग लगती दिखाई दी। उन्होंने तुरंत चेतक को बस के आगे लगाकर बस को रुकवाया और साथी कांस्टेबल राहुल की मदद से बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद दोनों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और स्थिति को संभाला। इस दौरान ड्राइवर को भी आग का मालूम नहीं चला।

सूचना मिलते ही तूंंगा थाना के हेड कांस्टेबल पप्पूराम भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में मदद की। थोड़ी ही देर में जयपुर पूर्व की डीसीपी तेजस्विनी गौतम और थानाधिकारी श्रीराम मीणा भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस के अनुसार बस मुरैना से जयपुर की ओर जा रही थी, तब अचानक तेजाजी मंदिर के पास टायर में आग लग गई। पुलिसकर्मियों की तत्परता से न सिर्फ आग पर काबू पाया गया, बल्कि यात्रियों को समय रहते बाहर निकालकर बड़ा हादसा टाल दिया गया। इसके बाद यात्रियों ने पुलिसकर्मियों को धन्यवाद कहा और कांस्टेबल राजेश और राहुल की जमकर सराहना की।

Updated on:
3 Jun 2025, 10:25 AM IST
Published on: