Jaipur Calf Head Case: जयपुर शहर के अशोकपुरा इलाके में गाय के बछड़े का सिर काटने के मामले को लेकर विधानसभा में हंगामा हो चुका है। लोग कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस बीच पूरी जांच करने के बाद जयपुर कमिश्नरेट पुलिस ने घटना को लेकर तथ्यात्मक रिपोर्ट जारी की है।
Jaipur Calf Head Case: जयपुर शहर के अशोकपुरा इलाके में गाय के बछड़े का सिर काटने के मामले को लेकर विधानसभा में हंगामा हो चुका है। लोग कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस बीच पूरी जांच करने के बाद जयपुर कमिश्नरेट पुलिस ने घटना को लेकर तथ्यात्मक रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट घटना स्थल के सीसीटीवी कैमरे, स्थानीय लोगों के बयान व बछड़े की सिर की मेडिकल रिपोर्ट के बाद जारी की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार 9 फरवरी को कंट्रोल रूम के जरिये सूचना मिली थी कि गली नंबर 3, अशोकपुरा में चौराहे पर गाय के बछड़े का सिर काटकर लटका रखा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो एक गाय बंधी मिली और पास में बोरी में रखा बछड़े का सिर दिखाई दिया। पूछताछ में गाय मालिक सत्यनारायण शर्मा उर्फ बंटी (46) ने बताया कि 7 फरवरी की रात को गाय का बछड़ा बीमारी से मर गया था। दूध नहीं देने से परेशान गाय को शांत करने के लिए उसने मृत बछड़े के सिर की खाल में भूसा भरवाकर डमी सिर लाकर गाय के सामने रखा था।
मौके का निरीक्षण, पड़ोसियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और पशु चिकित्सालय के चिकित्सा बोर्ड की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि बछड़े का सिर डमी था। किसी जीवित या मृत बछड़े का सिर काटकर लटकाने जैसी घटना नहीं पाई गई।
पुलिस ने घटना स्थल का सीसीटीवी कैमरे का वीडियो भी जब्त किया है, जिसमें गाय मालिक बछड़े का डमी सिर लाकर गाय को सुंघाते नजर आ रहा है। सीसीटीवी फुटेज वायरल होने पर शहर में काफी हंगामा हुआ और बाद में मामले की गूंज विधानसभा में भी सुनाई दी।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज व स्थानीय लोगों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट से अब तक गाय के बछड़े के साथ किसी तरह का अपराध नहीं होना पाया गया है।
दलबीर, एसएचओ, श्याम नगर थाना