जयपुर

लाल डूंगरी में सरकारी जमीन पर बस रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई, जेडीए का बुलडोजर चला…अवैध निर्माण ध्वस्त

दिल्ली रोड स्थित लाल डूंगरी क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी के खिलाफ जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने सख्त कार्रवाई की है।

less than 1 minute read
Feb 22, 2026

जयपुर। दिल्ली रोड स्थित लाल डूंगरी क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी के खिलाफ रविवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने सख्त कार्रवाई की है। मीना पेट्रोल पंप के पीछे नाले के बहाव क्षेत्र में किए जा रहे निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
हाल ही राजस्थान पत्रिका में अवैध निर्माण की खबर को प्रकाशित किया था। इसमें बताया था कि इस क्षेत्र में सरकारी भूमि को समतल कर अवैध प्लॉटिंग की जा रही है।

सरकारी जमीन को बेच रहे ऊंचे दाम पर

सरकारी जमीन को 40-50 हजार रुपए प्रति वर्ग गज तक बेचा जा रहा था। मामला सामने आने के बाद जेडीए ने इसे गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण किया।
जांच में सामने आया कि संबंधित भूमि सरकारी स्वामित्व की है और नाले के बहाव क्षेत्र में आती है। कॉलोनी विकसित करने के लिए जेसीबी से जमीन समतल की गई थी और कुछ जगहों पर पक्के ढांचे भी खड़े कर दिए गए थे।
जेडीए की प्रवर्तन शाखा की टीम ने पुलिस जाब्ते के साथ पहुंचकर अवैध निर्माण को हटाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही अवैध प्लॉटिंग कर आमजन को गुमराह करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले के बहाव क्षेत्र में निर्माण से भविष्य में जलभराव और हादसों का खतरा बढ़ सकता था।

Published on:
22 Feb 2026 01:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर