जयपुर

राजस्थान पुलिस के इन 6 जवानों ने वेतन कटौती के विरोध में मुंडन करवाकर जताया था विरोध, अब गिर गई गाज

रायसर चौकी के प्रभारी समेत 6 कांस्टेबलों को रविवार को लाइन हाजिर कर दिया गया।
2 min read
• •
Updated: 16 Oct 2017, 11:39 AM IST
rajasthan police

जमवारामगढ़।

वेतन कटौती प्रस्ताव के विरोध में मुंडन करवाकर चर्चा में आए जमवारामगढ़ थाने की रायसर चौकी के प्रभारी समेत 6 कांस्टेबलों को रविवार को लाइन हाजिर कर दिया गया। हालांकि अधीक्षक इस कार्रवाई को प्रशासनिक कदम बता रहे है।

दरअसल, रायसर चौकी में कार्यरत चौकी प्रभारी राजेंद्र यादव सहित अन्य पांच कांस्टेबल ने शुक्रवार को सरकार की ओर से जारी वेतन कटौती के प्रस्ताव के विरोध में मुंडन करवा लिया था। मामला चर्चा में आया तो एसपी ने उपाधीक्षक से रिपोर्ट मांगी थी।

---तर्क अपने-अपने
जयपुर ग्रामीण एसपी रामेश्वर चौधरी ने बताया कि उन्होंने तीन चार अलग-अलग आदेश निकाले है, रायसर चौकी के स्टाफ को लाइन हाजिर करना भी प्रशासनिक कार्य का एक आदेश है। इसे मुंडन मामले से जोड़कर न देखा जाए।

इधर, कार्रवाई के बाद स्टाफ का कहना है कि मुंडन को सरकार ने गंभीरता से लिया है, इसके बाद अधिकारियों के जरिए कार्रवाई की गई है। वहीं थाना प्रभारी और उपाधीक्षक कार्रवाई से अनभिज्ञ बनते नजर आए।


चौकी प्रभारी सहित पांच कांस्टेबल को लाइन हाजिर करने का कदम प्रशासनिक कार्य के तहत लिया गया है।
-डॉ. रामेश्वरसिंह, पुलिस अधीक्षक, जयपुर ग्रामीण


रायसर चौकी पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर करने की स्पष्ट जानकारी नहीं है। हालांकि इस मामले से जुड़ा कोई पत्र जरूर आया है।
- शीला फोगावट, उपाधीक्षक, जमवारामगढ़


रायसर चौकी पुलिसकर्मियों के लाइन हाजिर होने की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा कुछ होता है तो बताएंगे।
-कैलाशचंद शर्मा, थाना प्रभारी, जमवारामगढ़

गौरतलब है कि प्रदेश में पुलिसकर्मी वेतन कटौती और वेतन बढ़ोतरी नहीं करने को लेकर आंदोलन कर रहे है। इसके तहत मैस का बहिष्कार और काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन भी किया जा रहा है। वहीं रायसर स्थित पुलिस चौकी के जवानों ने अपना सर मुंडवाकर अनोखा अंदाज़ में अपना विरोध दर्ज़ करवाया था। इस चौकी पर तैनात स्टाफ ने मांगें नही मानें जाने के विरोध में सिर मुंडवाए थे। ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हुई थीं। माना जा रहा है कि इसी के चलते इन पुलिसकर्मियों पर मुख्यालय की ओर से अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई है।

Published on: