
वन विभाग ने रणथम्भौर अभयारण्य के भ्रमण के बुकिंग सिस्टम में बदलाव किया है। अब पार्क में टाइगर देखने आने वाले देसी-विदेशी पर्यटक रेलवे टिकट बुकिंग सिस्टम की तरह से कम्फर्म टिकट न होने की स्थिति में एडवांस वेटिंग बुकिंग भी करा सकते हैं।
यहां पर वन विभाग ने दो दिन पहले पर्यटकों के लिए यह सुविधा शुरू कर दी है। वन विभाग का कहना है कि इससे बुकिंग प्रणाली में जहां एक ओर पारदर्शिता आएगी, वहीं दूसरी ओर पर्यटकों को भी सुविधा मिल सकेगी। वेटिंग में भी टिकट बुक कराने के लिए पर्यटक को एडवांस में पूरी राशि जमा करानी होगी।
आज 6 वाहनों की वेटिंग में बुकिंग
वन अधिकारियों ने बताया कि सोमवार के लिए अब तक 6 पर्यटन वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। हालांकि अभी पर्यटकों को इस नई व्यवस्था की जानकारी कम है। ऐसे में आने वाले दिनों में इसमें और अधिक इजाफा होने की उम्मीद की जा रही है। हालांकि वन विभाग की ओर से नियमों के कारण निर्धारित 144 वाहनों का प्रति पारी कोटे में वाहनों की संख्या में इजाफा नहीं किया जा रहा है।
कैंसिलेशन पर देंगे वरीयता
अभी तक अभयारण्य में किसी कारणवश भ्रमण पर नहीं आने के कारण टिकट निरस्त कराए जाने पर वाहनों में सीट खाली रह जाती थी। अब वन विभाग ने आइआरसीटीसी की तर्ज पर रणथम्भौर में भी ऑनलाइन वेटिंग टिकट व्यवस्था शुरू की है। इसमें टिकट निरस्त कराए जाने पर वेटिंग लिस्ट वाले पर्यटकों को बुकिंग क्रम से वरीयता प्रदान की जाएगी।
कंफर्म नहीं तो राशि की जाएगी रिफंड
रणथम्भौर में पर्यटकों की सुविधा के लिए आइआरसीटीसी की तर्ज पर एडवांस ऑनलाइन वेटिंग बुकिंग शुरू की गई है। बुकिंग कंफर्म नहीं होने की स्थिति में पर्यटकों को राशि रिफंड की जाएगी। संदीप चौधरी, उपवन संरक्षक (पर्यटन), रणथम्भौर बाघ परियोजना, सवाईमाधोपुर