
Rajasthan Government Job : राजस्थान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर। फाइल फोटो पत्रिका
Rajasthan Medical Officer : राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में अब मेडिकल ऑफिसर की कमी जल्द दूर होगी। मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। राजस्थान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने चिकित्सा अधिकारियों के 600 पदों पर भर्ती की विज्ञप्ति जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है। मंत्री खींवसर ने बताया कि इन पदों पर भर्ती के लिए जल्द विज्ञप्ति जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि 600 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। इससे सरकारी चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए चिकित्सकों सहित विभिन्न संवर्गों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
मंत्री खींवसर ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न संवर्गों के 39 हजार 288 पदों पर भर्ती एवं नियुक्ति की कार्यवाही की जा चुकी है, जिसमें 208 चिकित्सा अधिकारी (दंत), 1699 चिकित्सा अधिकारी, 19 हजार 240 अराजपत्रित संवर्ग के पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इसी प्रकार चिकित्सा शिक्षा संवर्ग में सहायक आचार्य 14 पदों पर एवं सहायक आचार्य के एक नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन 18 हजार 126 पदों पर नियुक्तियां दी गयी है।
मंत्री खींवसर ने कहा कि सरकार का विशेष ध्यान ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त चिकित्सकीय मानव संसाधन उपलब्ध कराने पर है। चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बढ़ने से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि 'निरामय राजस्थान' के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और मानव संसाधन की उपलब्धता पर निरंतर कार्य कर रही है। आमजन को अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में बेहतर उपचार मिले, यही सरकार का प्रमुख लक्ष्य है।
नवचयनित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के वेतन से संबंधित प्रकरण को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ज्वाइनिंग कर चुके अधिकारियों के वेतन भुगतान में भी किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ज्वाइनिंग कर चुके अधिकारियों के वेतन भुगतान की आवश्यक प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी कर शीघ्र वेतन जारी किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। मंत्री खींवसर ने कहा कि नवचयनित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को शीघ्र ही पदस्थापित किया जाएगा।
Updated on:
10 Aug 2026 06:43 pm
Published on:
10 Aug 2026 06:36 pm
