
हॉस्टल के गेट में आकर घुसी थार (Photo-Social Media)
Jaipur Thar Accident: जयपुर के महेश नगर इलाके में रविवार देर रात तेज रफ्तार SUV बेकाबू होकर एक बॉयज हॉस्टल में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि हॉस्टल का मेन गेट टूट गया। हादसे के बाद दोनों युवक मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन गाड़ी के पहिए में गेट का लोहे का एंगल फंस गया। इससे उनकी कोशिश नाकाम हो गई। बाद में स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
महेश नगर थाना एएसआई के अनुसार घटना रविवार रात करीब 2.30 बजे 80 फीट रोड की है। बताया गया कि दो युवक शराब के नशे में गाड़ी लेकर इलाके में घूम रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर गाड़ी पर कंट्रोल नहीं रख पाया और गाड़ी तलवारिया गार्डन के पास स्थित शिवाय बॉयज हॉस्टल की तरफ चली गई और सीधे मेन गेट से जा टकराई। टक्कर के बाद गेट पूरी तरह टूट गया।
गाड़ी के हॉस्टल से टकराने के बाद बहुत तेज आवाज हुई, जिसे सुनकर आसपास रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर आ गए। हादसे के बाद दोनों युवकों ने वहां से निकलने की कोशिश की लेकिन जब वे थार को पीछे करने की कोशिश कर रहे थे तो इसी दौरान गेट का लोहे का एंगल गाड़ी के पहिए में फंस गया। इसके चलते थार आगे नहीं बढ़ सकी और दोनों युवकों की भागने की कोशिश नाकाम हो गई।
जब थार आगे नहीं निकल सकी तो दोनों युवक गाड़ी से नीचे उतरे और पैदल भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी और दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों युवकों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो गाड़ी के पहिए में हॉस्टल के टूटे गेट का लोहे का एंगल फंसे हुए थे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद गाड़ी को वहां से बाहर निकलवाया और उसके बाद गाड़ी को जब्त कर लिया।
Updated on:
10 Aug 2026 05:55 pm
Published on:
10 Aug 2026 05:50 pm
