जयपुर

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना- 1.50 करोड़ किसानों को 17 हजार करोड़ रुपए का क्लेम

  कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने फसल बीमा रथों को किया रवाना
less than 1 minute read
Dec 16, 2022
rath_3.jpeg

जयपुर.

राज्य के कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने गुरुवार को जयपुर जिले के कवर का बास गांव में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचार-प्रचार रथों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल के चार वर्षों में 1.50 करोड़ फसल बीमा धारकों को 17 हजार करोड़ रुपए का क्लेम वितरित किया गया है। कृषि विभाग के प्रमुख सचिव दिनेश कुमार ने बताया खरीफ फसलों के लिए 2 और रबी फसलों के लिए 1.5 प्रतिशत का प्रीमियम भुगतान किया जाता है। वार्षिक वाणिज्य एवं बागवानी फसलों के लिए प्रीमियम 5 प्रतिशत निर्धारित है। किसान रबी सीजन 2022- 23 में अपनी फसल का बीमा 31 दिसंबर 2022 तक करवा सकते हैं। प्रदेश में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 7 बीमा कंपनियों के द्वारा फसल बीमा किया जा रहा है।

46 हजार गांवों के भू-रिकॉर्ड का हुआ एकीकरण

कृषि मंत्री कटारिया ने बताया कि राज्य के लगभग 46 हजार गांवों के भू-रिकॉर्ड का एकीकरण करवाया गया है। साथ ही प्रदेश में फसल उत्पादन अनुमान के लिए 5 लाख से अधिक फसल कटाई के प्रयोग भी ऑनलाइन कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन नवाचारों से ही राज्य देश के अग्रिम राज्यों में शामिल है।

कृषि विभाग के आयुक्त कानाराम ने बताया कि राज्य में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 7 बीमा कंपनियों द्वारा फसल बीमा का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना का रबी के लिए आगामी 25 दिसंबर तक प्रदेश भर में लगभग 200 से ज्यादा वैनों के द्वारा लीफलेट वितरण, पोस्टर, बैनर, होर्डिंग, किसान गोष्ठी एवं नुक्कड़ नाटक आदि के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान योजना से जुड़ सकें।

Published on:
16 Dec 2022 11:56 pm