13 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Pinki Meena APO: राजस्थान की चर्चित RAS पिंकी मीणा को किया गया एपीओ, दो दिन पहले ही हुआ था तबादला

Pinki Meena: 10 लाख के रिश्वतकांड से चर्चा में आईं राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) अधिकारी पिंकी मीणा को एपीओ किया गया है। दो दिन पहले ही उन्हें सवाई माधोपुर में प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग में सहायक निदेशक के पद से हटाकर दौसा में सहायक कलक्टर मुख्यालय लगाया गया था।
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Aug 13, 2026

RAS Pinki Meena

RAS Pinki Meena :(फाइल फोटो-पत्रिका)

जयपुर। राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) की चर्चित अधिकारी पिंकी मीणा को राज्य सरकार ने एपीओ कर दिया है। कार्मिक विभाग की ओर से 13 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार पिंकी मीणा को प्रशासनिक कारणों से आगामी आदेश तक पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा में रखा गया है। उन्हें अपनी उपस्थिति कार्मिक (क-4) विभाग में देने के निर्देश दिए गए हैं। खास बात यह है कि पिंकी मीणा का दो दिन पहले ही तबादला कर उन्हें दौसा में सहायक कलक्टर (मुख्यालय) की जिम्मेदारी दी गई थी।

राजस्थान सरकार के कार्मिक (क-4) विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि आरएएस पिंकी मीणा, सहायक कलक्टर (मुख्यालय) दौसा को प्रशासनिक कारणों से आगामी आदेशों तक पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा में रखा जाता है। आदेश राज्यपाल की आज्ञा से संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह की ओर से जारी किया गया है।

दो दिन पहले मिली थी दौसा में पोस्टिंग

पंचायत और निकाय चुनाव से पहले राजस्थान में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के दौरान 183 आरएएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इसी सूची में 56 नंबर पर पिंकी मीणा का नाम भी शामिल था। उन्हें सवाई माधोपुर में प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग में सहायक निदेशक के पद से हटाकर दौसा में सहायक कलक्टर मुख्यालय लगाया गया था। अब नई पोस्टिंग के महज दो दिन बाद ही उन्हें एपीओ किए जाने से प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

यहां देखें पिंकी मीणा का एपीओ आदेश :

पिंकी मीणा की यह पोस्टिंग लंबे निलंबन के बाद सरकारी सेवा में वापसी के बाद दूसरी तैनाती थी। जून 2026 में करीब साढ़े पांच साल के निलंबन के बाद उन्हें सेवा में बहाल किया गया था। इसके बाद उन्हें सवाई माधोपुर में सहायक निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया था। करीब दो महीने के भीतर उनका फिर तबादला हुआ और अब दौसा में पदभार संभालने से पहले ही उन्हें एपीओ कर दिया गया है।

10 लाख के रिश्वतकांड से आई थीं चर्चा में

पिंकी मीणा वर्ष 2021 में बांदीकुई एसडीएम रहते हुए 10 लाख रुपये के कथित रिश्वत प्रकरण के बाद सुर्खियों में आई थीं। यह मामला दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण और उससे जुड़े कार्यों से संबंधित था। एसीबी की कार्रवाई के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था और बाद में निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद उनका मामला लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया में रहा।

जमानत लेकर पिंकी ने रचाई थी शादी

उनकी गिरफ्तारी के बाद शादी के लिए मिली अंतरिम जमानत भी चर्चा में रही थी। फरवरी 2021 में उन्होंने राजस्थान न्यायिक सेवा के अधिकारी नरेंद्र मीणा से विवाह किया था। विवाह के लिए उन्हें अदालत से 10 दिन की अंतरिम जमानत मिली थी। शादी के बाद वह वापस जेल गई थीं और बाद में उन्हें नियमित जमानत मिली थी।

यह वीडियो भी देखें :

प्रशासनिक हलके में चर्चा तेज

अब सरकार के ताजा एपीओ आदेश के बाद पिंकी मीणा एक बार फिर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई हैं। फिलहाल उन्हें किसी नए पद पर नियुक्त नहीं किया गया है और आगामी आदेश तक कार्मिक विभाग में उपस्थिति देने के निर्देश दिए गए हैं।