
Jaipur : आरआईसी में राजस्थान यूथ कॉन्क्लेव कार्यक्रम में सीएम भजनलाल व केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण। DIPR
Nirmala Sitharaman : केन्द्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि स्टार्टअप तभी आगे बढ़ता है, जब उसको आवश्यक अनुदान और सरकार से समर्थन मिले। इसलिए युवाओं को स्टार्टअप के विचार को धरातल पर उतारने एवं उससे आमजन को लाभान्वित करने के लिए सही दिशा में मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स सेवाओं को बड़े शहरों तक सीमित न रखकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक भी ले जाया जाए। इसके लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा नीति और अनुदान की जरूरी सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण गुरुवार को आरआईसी में राजस्थान यूथ कॉन्क्लेव कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्टार्टअप्स को आगे बढ़ने एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय कदम उठाए गए हैं। भारत के इनोवेशन ईको सिस्टम में भी राजस्थान बड़ा योगदान दे रहा है। वहीं, प्रदेश के स्टार्टअप्स की उपलब्धियों के बारे में सभी को जानकारी होनी चाहिए।
निर्मला सीतारमण ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 के बाद वित्तीय समावेशन के लिए देश में पीएम जनधन योजना की शुरूआत की। इसके तहत परिवार के एक सदस्य का बैंक खाता खोलना सुनिश्चित किया गया। आज इन बैंक खातों में किए गए वित्तीय लेन-देन से आमजन को ऋण लेने की सुविधा उपलब्ध हो रही है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न स्टार्टअप्स फाउंडर्स के साथ बातचीत कर नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने वाले स्टार्टअप विचारों की सराहना की। साथ ही, राजीविका से जुड़ी महिला से संवाद भी किया।
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने, नई संभावनाओं को तलाशने और अपने सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव अवसर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार का संकल्प है।
सीएम भजनलाल ने कहा कि वर्ष 2023 में राजस्थान के स्टार्टअप्स में लगभग 250 करोड़ रुपए का निवेश हुआ था, जो अब बढ़कर 1 हजार 54 करोड़ रुपए हो गया है तथा स्टार्टअप्स में रोजगार के अवसर भी 22 हजार से बढ़कर 49 हजार से अधिक हो गए हैं। पिछले ढाई साल में राजस्थान स्टार्टअप कार्यक्रम के तहत 4 हजार 828 नए स्टार्टअप पंजीकृत किए गए हैं।
केन्द्रीय वित्त मंत्री एवं मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं का डिजिटल शुभारम्भ, लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
Updated on:
13 Aug 2026 09:39 pm
Published on:
13 Aug 2026 09:31 pm
