जयपुर

जयपुर में NEET PG के बाद अब AIIMS एग्जाम में सर्वर ठप, छात्रों का हंगामा- पुलिस तैनात

Jaipur AIIMS CRE-5 Re-Exam : जयपुर के iON डिजिटल जोन पर लगातार दूसरे दिन सर्वर ठप। AIIMS CRE-5 री-एग्जाम में अभ्यर्थियों का भारी हंगामा। पुलिस मौके पर।
2 min read
Aug 31, 2026
aiims cre 5 re exam server down ion digital zone jaipur 2026
AIIMS CRE-5 Re-Exam server down PIC

जयपुर स्थित परीक्षा केंद्र 'iON डिजिटल जोन' में सोमवार को लगातार दूसरे दिन भारी हंगामा और विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला। 25 जुलाई 2026 को आउट ऑफ सिलेबस सवाल आने के विवाद के बाद आयोजित किए जा रहे AIIMS CRE-5 के री-एग्जाम में सुबह परीक्षा शुरू होते ही सर्वर पूरी तरह ठप हो गया। मिली जानकारी के अनुसार सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा के शुरुआती 30 मिनट में ही कंप्यूटर स्क्रीन्स बंद होने लगीं और कुछ ही देर में पूरे सेंटर की प्रणाली ध्वस्त हो गई। परीक्षा केंद्र की इस लगातार लापरवाही से गुस्साए अभ्यर्थियों ने सेंटर के अंदर और बाहर जमकर नारेबाजी शुरू कर दी और परीक्षा को तुरंत रद्द करने की मांग पर अड़ गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस थाने से भारी पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और आक्रोशित छात्रों को शांत कराने और समझाइश का प्रयास शुरू किया।

विवाद के बाद री-एग्जाम, फिर खड़ी हुई समस्या

AIIMS CRE-5 की यह परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए पहले से ही मानसिक तनाव का कारण बनी हुई थी। इससे पहले 25 जुलाई 2026 को आयोजित हुई मूल परीक्षा में आउट ऑफ सिलेबस सवाल आने के कारण विवाद खड़ा हो गया था, जिसके बाद अभ्यर्थियों के हित में एजेंसी ने 31 अगस्त 2026 को दोबारा री-एग्जाम कराने का फैसला किया था।

दूर-दराज के जिलों से बड़ी उम्मीदों और आर्थिक खर्च के साथ जयपुर पहुंचे अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि इस बार व्यवस्थाएं दुरुस्त होंगी, लेकिन परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे के भीतर ही सिस्टम बंद हो जाने से उनके भविष्य पर एक बार फिर अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं।

NEET PG में भी हुआ था सर्वर क्रैश

iON डिजिटल जोन सेंटर की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल इसलिए भी खड़े हो रहे हैं क्योंकि रविवार को इसी परीक्षा केंद्र पर आयोजित हुई NEET PG 2026 परीक्षा के दौरान भी सर्वर ठप होने के कारण अभ्यर्थियों ने घंटों हंगामा किया था।

सेंटर प्रबंधन पर गंभीर आरोप

लगातार दूसरे दिन एक ही सेंटर पर सर्वर क्रैश होने की घटना से दूर-दराज से आए छात्र और उनके अभिभावक बेहद आक्रोशित हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि सेंटर प्रबंधन की तकनीकी नाकामी और अनदेखी की सजा परीक्षा देने आए युवाओं को भुगतनी पड़ रही है।

छात्र कर रहे परीक्षा रद्द करने की मांग

हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस अधिकारी अभ्यर्थियों से बातचीत कर उन्हें शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं, लेकिन छात्रों का गुस्सा कम होने का नाम नहीं ले रहा है।

अभ्यर्थियों की मांग है कि इस परीक्षा केंद्र को तुरंत ब्लैकलिस्ट किया जाए, आज के AIIMS CRE-5 री-एग्जाम को रद्द कर नए सिरे से किसी पारदर्शी और बेहतर तकनीकी सुविधा वाले सेंटर पर परीक्षा आयोजित कराई जाए।

Updated on:
31 Aug 2026 02:03 pm
Published on:
31 Aug 2026 02:03 pm