जयपुर

राजस्थान में कोहरे के कारण हवाई और रेल यातायात प्रभावित, पायलट के मना करने पर यात्रियों को एयरपोर्ट पर गुजारनी पड़ी रात

कोहरे के कारण जयपुर में ट्रेन और हवाई यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि यात्रियों को एयरपोर्ट व रेलवे स्टेशन पर रात बितानी पड़ रही है।
2 min read
• •
Updated: 29 Dec 2023, 12:54 PM IST
air_and_rail_traffic_affected_due_to_fog_in_rajasthan.jpg

Air And Rail Traffic Affected Due To Fog In Rajasthan: कोहरे के कारण जयपुर में ट्रेन और हवाई यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि यात्रियों को एयरपोर्ट व रेलवे स्टेशन पर रात बितानी पड़ रही है। घने कोहरे के कारण फ्लाइट्स के डायवर्जन और ट्रेनों के संचालन में देरी होना लगातार जारी है। गुरुवार को ऐसा ही देखने को मिला। दरअसल, दिल्ली में घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण बुधवार देर रात तक 17 फ्लाइट जयपुर डायवर्ट हुई। इनमें से 7 फ्लाइट तो रात तक लौट गई लेकिन 10 फ्लाइट को दिल्ली से उड़ान भरने का क्लीयरेंस नहीं मिला। इनमें करीब एक हजार से ज्यादा यात्री थे, उनमें से कई यात्री देर रात तक क्लीयरेंस मिलने का इंतजार करते रहे तो कई मजबूरन सड़क मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

हैरानी की बात ये है कि उक्त दस फ्लाइट सुबह भी रवाना नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि उनके पायलट ने ड्यूटी पूरी होने का हवाला देकर उड़ान भरने से इनकार कर दिया। ऐसे में एयरलाइन कंपनियों के पायलट के इंतजाम के बाद जैसे तैसे गुरुवार रात तक उक्त फ्लाइट्स वापस दिल्ली पहुंच सकी। हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन ने इसकी वजह दिल्ली से क्लीयरेंस न मिलना बताया है। इधर, गुरुवार को भी दिल्ली से दो और चंडीगढ़ से एक फ्लाइट डायवर्ट होकर जयपुर आयी थी। उसे भी रात को वापस रवाना किया गया।

जयपुर जंक्शन पर भी यात्रियों को ट्रेनों का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। कोहरे के कारण गुरुवार को आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनें देरी से जयपुर पहुंची। रेलवे सूत्रों के अनुसार प्रयागराज-बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन 10 घंटे, जियारत एक्सप्रेस ट्रेन 9 घंटे 33 मिनट, अजमेर-जम्मूतवी ट्रेन 7 घंटा 23 मिनट, जम्मूतवी-बाड़मेर 3 घंटे, हावड़ा-जोधपुर सुपरफास्ट ट्रेन 2 घंटा 48 मिनट- उदयपुर सिटी एक्सप्रेस ट्रेन 2 घंटा 40 मिनट- आगरा फोर्ट सुपरफास्ट व आला हजरत एक्सप्रेस ट्रेन 1 घंटा 32 मिनट- मथुरा जंक्शन-बाड़मेर ट्रेन 1 घंटा व अजमेर-नई दिल्ली शताब्दी ट्रेन 32 मिनट देरी से जयपुर पहुंची।

13 जगह 10 डिग्री से कम रात का पारा
प्रदेश में गुरुवार को 13 जगहों पर रात का पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में 2.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा फतेहपुर में 3.5 और सीकर में पांच डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा चार जगहों पर दिन सबसे ठंडा दर्ज हुआ।

Published on: