जयपुर

Jaipur Airport LIVE Updates : फ्रैंकफर्ट-दिल्ली फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, बम होने और हाइजैक की संभावना

Jaipur Airport Emergency Landing: फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट की जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग। बम की अफवाह के बाद यात्रियों में मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट।
3 min read
• •
Oct 14, 2026
air india flight emergency landing jaipur bomb threat bomb rumor
Air india flight emergency landing at Jaipur Airport - Patrika PIC

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब फ्रैंकफर्ट (जर्मनी) से भारत की राजधानी दिल्ली आ रही एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट AI 2030 की अचानक इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान फ्लाइट में बम होने या हाइजैक होने की संभावना है, जिसके तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट किया गया। बताया गया है कि दिल्ली में एहतियाती सुरक्षा प्रोटोकॉल और नजदीकी सुरक्षित रनवे को देखते हुए प्लेन को तुरंत जयपुर डायवर्ट किया गया और जयपुर एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस अचानक हुए घटनाक्रम और बम की खबर से फ्लाइट के भीतर मौजूद यात्रियों के बीच दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

विमान के जयपुर रनवे पर उतरते ही सुरक्षा एजेंसियों ने एयरक्राफ्ट को तुरंत आइसोलेशन बे में खड़ा करवा दिया। इस अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट का संचालन विस्तारा द्वारा एयर इंडिया के सहयोग से किया जा रहा था। हालांकि इस संवेदनशील मामले पर जयपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी या एयरलाइन प्रबंधन की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान जारी होना बाकी है, लेकिन सीआईएसएफ (CISF), स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते (BDDS) ने पूरे विमान और यात्रियों के सामान की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

LIVE Updates :

  • जयपुर एयरपोर्ट पर प्लेन हाईजैक का अलर्ट, Emergency Landing
  • फ्रैंकफ़र्ट से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI-2030 की इमरजेंसी लैंडिंग
  • विस्तारा से संचालित इस फ्लाइट को अब एयर इंडिया करती है ऑपरेट
  • सुबह 9 बजे अहमदाबाद ATC को मिला था कुछ सेकंड का इमरजेंसी सिग्नल
  • सुबह 9:10 बजे दिल्ली WSO ने फ्लाइट का रूट बदलकर जयपुर किया था डायवर्ट
  • सुबह 9:35 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर विमान की कराई गई थी सुरक्षित लैंडिंग
  • लैंडिंग के बाद सुबह 9:45 बजे विमान को ले जाया गया था आइसोलेशन बे में
  • शुरुआत में बम की अफवाह और हाइजैक की आशंका से मचा था भारी हड़कंप
  • किसी संदिग्ध के अंदर होने, हाइजैक थ्रेट की बात
  • पायलट द्वारा पैनिक में गलती से 'हाइजैक बटन' दबने का एंगल भी आया सामने
  • सुरक्षा एजेंसियों और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने हर संभावित पहलू से की गहन जांच
  • सेंट्रल IB के IG रमाकांत भी पहुंचे जयपुर एयरपोर्ट
  • एयरपोर्ट से पास स्थित EHCC हॉस्पिटल में अलर्ट, सांगानेर और जवाहर सर्किल स्थित हॉस्पिटल्स में अलर्ट
  • विमान के अंदर एक यात्री ने हाईजैकिंग की दी धमकी, कैप्टन ने कोड 7500 दबाकर दी थी हाईजैक की सूचना: सूत्र
  • गृह मंत्रालय गंभीर, पूरे घटनाक्रम को लेकर PMO में बनाई गई सेंट्रल कमेटी
  • एंटी-हाईजैकिंग कमेटी की चल रही कार्रवाई, दिल्ली से भी NSG कमांडो टीम जयपुर के लिए रवाना
  • ATS समेत सभी प्रमुख एजेंसी जयपुर एयरपोर्ट पर मौजूद, जयपुर एयरपोर्ट पर पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद, ACS होम भास्कर ए सावंत, पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल, कलेक्टर संदेश नायक समेत सभी प्रमुख अधिकारी एयरपोर्ट पर मौजूद

बम की अफवाह, मचा हड़कंप

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फ्रैंकफर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की इस इंटरनेशनल फ्लाइट में सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन जैसे ही फ्लाइट भारतीय वायुसीमा के करीब पहुंची, अचानक प्लेन के भीतर बम होने की सूचना या अफवाह सामने आई। विमान में सवार यात्रियों को जब इस खतरे के बारे में पता चला तो उनमें डर और घबराहट का माहौल बन गया।

विमान के पायलट ने तुरंत स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क साधा और बिना किसी देरी के नजदीकी बड़े एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति मांगी। इसके बाद जयपुर एटीसी को अलर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग के तमाम इंतजाम पूरे किए गए और प्लेन को सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया गया।

जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, आइसोलेशन बे में सर्च जारी

जयपुर एयरपोर्ट पर प्लेन के लैंड होते ही सुरक्षा बल अलर्ट मोड पर आ गए। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को मेन एप्रन से दूर आइसोलेशन बे (Isolation Bay) में ले जाया गया, ताकि अन्य उड़ानों और रनवे की सुरक्षा को कोई खतरा न हो।

यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया: फ्लाइट में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकालकर एयरपोर्ट टर्मिनल के इमरजेंसी होल्डिंग एरिया में पहुंचाया गया है।

सघन तलाशी अभियान: बम निरोधक दस्ता, स्निफर डॉग्स और सीआईएसएफ के जवानों ने पूरे प्लेन, केबिन, बैगेज होल्ड और यात्रियों के बैग्स की चेकिंग शुरू कर दी है।

विस्तारा और एयर इंडिया की संयुक्त फ्लाइट, अथॉरिटी के बयान का इंतजार

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह इंटरनेशनल फ्लाइट विस्तारा (Vistara) द्वारा संचालित थी, जिसे एयर इंडिया के कोड (AI 2030) के तहत ऑपरेट किया जा रहा था। अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर एयरलाइन मर्जर और कोड-शेयर व्यवस्था के तहत ऐसी उड़ानों का संचालन किया जाता है।

इस पूरे घटनाक्रम पर फिलहाल जयपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी और सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक प्रेस नोट जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा जांच (Security Clearance) पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह धमकी किस माध्यम से आई थी और क्या यह पूरी तरह से एक फर्जी अफवाह (Hoax Call) थी या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही प्लेन को आगे दिल्ली के लिए रवाना करने की अनुमति दी जाएगी।

Updated on:
14 Oct 2026 11:35 am
Published on:
14 Oct 2026 10:14 am