जयपुर

Airport Security: ये तो हद ही हो गई, जयपुर एयरपोर्ट पर डॉग अटैक, तीन यात्री घायल

Dog Attack in Rajasthan: प्रदेश में बढ़ रहे डॉग बाइट केस, सुरक्षित स्थल भी नहीं रहे महफूज। सुप्रीम कोर्ट में उठा आवारा कुत्तों का मुद्दा, प्रशासन पर बढ़ा दबाव। जहां सुरक्षा सबसे सख्त, वहीं घुस आया खतरा!

2 min read
Feb 08, 2026

Dog Bite Case in Rajasthan: जयपुर। राजस्थान में आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। रिहायशी कॉलोनियों से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक लोग इनके डर में जी रहे हैं। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि एयरपोर्ट जैसे अति सुरक्षित माने जाने वाले स्थल भी इससे अछूते नहीं रहे। हाल ही में जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शनिवार सुबह एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 परिसर में अराइवल एरिया से लेकर पार्किंग क्षेत्र तक एक आवारा कुत्ते ने तीन लोगों को काट लिया। अचानक हुए हमले से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग दहशत में इधर-उधर भागते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्ते ने सबसे पहले अराइवल गेट के पास एक यात्री को निशाना बनाया, इसके बाद पार्किंग की ओर जा रहे दो अन्य लोगों पर हमला कर दिया।

हरमाड़ा निवासी अक्षय कुमार ने बताया कि वे अपने रिश्तेदार को छोड़ने एयरपोर्ट आए थे। सामान की ट्रॉली लेकर चलते समय कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने खुद अस्पताल जाकर उपचार कराया। उनका कहना है कि एयरपोर्ट जैसी सुरक्षित जगह पर आवारा कुत्तों का घूमना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। वहीं एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि एक यात्री के कुत्ते की पूंछ पर पैर पड़ने से उसने प्रतिक्रिया में काटा और अन्य घटनाओं की पुष्टि नहीं हुई है।

प्रदेशभर में ऐसी घटनाएं बढ़ने के बीच हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में भी आवारा कुत्तों से बचाव और आमजन की सुरक्षा को लेकर याचिकाओं पर सुनवाई हुई है, जिसमें स्थानीय प्रशासन और नगर निकायों को प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बताई गई। विशेषज्ञों का मानना है कि नसबंदी, टीकाकरण और नियंत्रण अभियान तेज किए बिना समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।

लगातार बढ़ती घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है और प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

Published on:
08 Feb 2026 12:03 pm
Also Read
View All

अगली खबर