
जयपुर। राज्यसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार अल्फोंस जोसेफ कन्ननथानम निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। चुनाव में एकमात्र उम्मीदवार होने के कारण गुरुवार को नामांकन वापसी की अवधि खत्म होते ही रिटर्निंग ऑफिसर व विधानसभा सचिव पृथ्वीराज ने इसकी घोषणा की। इस मौके पर अल्फोंस ने कहा कि राजस्थान में पर्यटन क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं, राजस्थान को इसमें पहले नंबर पर लाएंगे। शक्ति और भक्ति के लिए जाना जाने वाला राजस्थान काफी कलरफुल है। यहां रेगिस्तान, किले, महल, हवेलियां हैं। अल्फोंस ने वादा किया कि गरीबों-पिछड़ों की सेवा के लिए वह हर माह राजस्थान आएंगे। जोसेफ अभी केन्द्र में पर्यटन, आईटी व इलेक्ट्रोनिक्स राज्यमंत्री हैं। इस मौके पर संसदीय कार्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़, सामाजिक न्याय मंत्री अरुण चतुर्वेदी व कई विधायक मौजूद थे।
निवेश पर देंगे जोर
मीडिया से बातचीत में अल्फोंस ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन के 4 प्रोजेक्ट पहले से चल रहे हैं। इनमें ट्राइबल सर्किट टूरिज्म, इको सर्किट टूरिज्म और डेजर्ट टूरिज्म सर्किट बनाने के लिए 300 करोड़ की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। राज्य में बड़ी कंपनियों को भी निवेश के लिए बुलाएंगे। उद्देश्य रहेगा कि पर्यटन के साथ आईटी-इलेक्ट्रोनिक्स में भी केन्द्र से बड़ा लाभ मिले। मोबाइल की व अन्य इकाइयां स्थापित हों।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
ग्रामीण विकास मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि राज्य में केन्द्रीय मंत्रीमण्डल में राजस्थान के मंत्रियों की संख्या वापस 6 हो गई है। उधर, निर्वाचन के बाद अल्फोंस ने विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल से मुलाकात की। बाद में प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारी भजनलाल शर्मा, संजय जैन, अशोक परनामी , मुकेश पारीक, मुकेश चेलावत व आनन्द शर्मा भी मौजूद थे।
गांव के सरकारी स्कूल में पढ़कर बने IAS
अल्फोंस ने विधानसभा व भाजपा कार्यालय में कहा कि वह केरल के सरकारी स्कूल में पढ़कर आईएएस बने। सालभर की छुट्टी लेकर कच्ची बस्तियों में काम किया। तब राजनीति के गिरते स्तर को देखते हुए राजनीति में प्रवेश किया।