19 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Electric Bus Service: जयपुर की सड़कों पर कब दौड़ेंगी 40 नई ई-बसें? सामने आई देरी की असली वजह

Jaipur E-Bus Service: बसें समय पर पहुंच गईं, लेकिन व्यवस्था शायद अभी भी रास्ते में है और सड़कों पर दौड़ने के लिए अभी इंतजामों का इंतजार है। अड़चन यह है कि टोडी डिपो का चार्जिंग स्टेशन अब तक तैयार नहीं हुआ और चालकों की ट्रेनिंग भी समय पर पूरी नहीं हो पाई।
2 min read
Google source verification
E-Bus

ई-बसें। फोटो: पत्रिका

जयपुर। बसें समय पर पहुंच गईं, लेकिन व्यवस्था शायद अभी भी रास्ते में है और सड़कों पर दौड़ने के लिए अभी इंतजामों का इंतजार है। अड़चन यह है कि टोडी डिपो का चार्जिंग स्टेशन अब तक तैयार नहीं हुआ और चालकों की ट्रेनिंग भी समय पर पूरी नहीं हो पाई। अब जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (जेसीटीएसएल) दिवाली के बाद 40 और इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी कर रहा है। मगर शहर में ग्रीन ट्रांसपोर्ट की राह में अव्यवस्था के रेड सिग्नल से सवाल उठता है कि जब बसें पहले पहुंच गईं, तो उनके लिए जरूरी इंतजाम पहले क्यों नहीं हुए?

फिलहाल जयपुर शहर में अभी करीब 60 ई-बसें बगराना डिपो से संचालित हो रही हैं। वहीं, बगराना डिपो में मौजूद 40 अन्य बसों के संचालन में भी चुनौतियां सामने आ रही हैं। इनमें चालकों को समय पर प्रशिक्षण नहीं मिलना प्रमुख समस्या है। ई-बसों के संचालन के लिए चालकों को प्रशिक्षित करना जरूरी है, लेकिन प्रशिक्षण में देरी से बसों को सड़क पर उतारने की तैयारी प्रभावित हो रही है।

बसें पहुंचीं, सुविधाएं समय पर तैयार नहीं

जेसीटीएसएल की योजना शहर में कुल 150 ई-बसों का संचालन करने की है। इसके तहत बगराना और टोडी डिपो से 75-75 बसें चलाई जानी हैं। अब तक 98 ई-बसें आ चुकी हैं, जबकि शेष बसें भी दिसंबर तक आने की संभावना है। इसके बावजूद टोडी डिपो में चार्जिंग स्टेशन तैयार नहीं होने से संचालन की व्यवस्था पूरी तरह विकसित नहीं हो पाई है। चार्जिंग स्टेशन का काम बसों के आने से पहले पूरा हो जाना चाहिए था, ताकि उन्हें डिपो में खड़ा रखने के बजाय समय पर सड़कों पर उतारा जा सके। अब जेसीटीएसएल टोडी डिपो में चार्जिंग स्टेशन शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके शुरू होने के बाद यहां से 40 अतिरिक्त ई-बसों का संचालन किया जा सकेगा।

प्रशिक्षण में देरी से भी अटक रहा संचालन

ई-बसों के संचालन में दूसरी बड़ी चुनौती प्रशिक्षित चालकों की उपलब्धता है। जरूरी प्रशिक्षण समय पर पूरा नहीं होने से बसों के संचालन की तैयारी प्रभावित हो रही है। ऐसे में केवल बसों की उपलब्धता से सार्वजनिक परिवहन सेवा का विस्तार संभव नहीं है। इसके लिए चार्जिंग स्टेशन शुरू करने के साथ पर्याप्त प्रशिक्षित चालकों की व्यवस्था भी करनी होगी।

150 बसों के संचालन का लक्ष्य

जेसीटीएसएल की योजना के अनुसार, बगराना और टोडी डिपो से 75-75 ई-बसें संचालित की जाएंगी। इसके लिए चार्जिंग की पर्याप्त व्यवस्था, प्रशिक्षित चालक और संचालन संबंधी तैयारियां समय पर पूरी करना जरूरी है। दिसंबर तक शेष बसें आने की संभावना को देखते हुए टोडी डिपो में चार्जिंग सुविधा शुरू करना और चालकों का प्रशिक्षण पूरा करना अहम होगा।

इनका कहना है

टोडी डिपो में चार्जिंग स्टेशन की तैयारी जोरों पर है। इसे दिवाली से पहले शुरू कर दिया जाएगा। कंपनी को भी प्रशिक्षण के लिए कहा है। जल्द ही टोडी डिपो से भी ई-बसों का संचालन शुरू करेंगे।
-नारायण सिंह, एमडी, जेसीटीएसएल