
जयपुर। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत इवेंट इंडिया और जवाहर कला केंद्र के सहयोग और कला एवं संस्कृति और पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित 4 दिवसीय जयपुर गजल फेस्टिवल का शनिवार को तीसरा दिन था। फेस्टिवल का रविवार को समापन होगा। फेस्टिवल के तीसरे दिन जेकेके के मुक्ताकाशी मंच पर शाम को गजल गायक चंदनदास ने गजलों का गुलदस्ता पेश किया।
इस दौरान उन्होंने मशहूर गजलें 'खुदा का जिक्र करें या तुम्हारी बात करें', 'खुशबू की तरह आया तेज हवाओं में', 'खेलने के लिए अब दिल किसी का चाहिए', 'दिल ना मिलते तो मुलाकात अधूरी रहती' आदि गजलों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। राजस्थान के वरिष्ठ गजल गायक कोटा के रजब अली भारती ने भी गजलों की बेहद ही उम्दा प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं का दिल जीत लिया। कलाकारों का स्वागत कला एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त शासन सचिव पंकज ओझा और इवेंट इंडिया के डायरेक्टर भूपेन्द्र राणा ने किया।
उभरते कलाकारों ने भी दी प्रस्तुति
समारोह में जेकेके के रंगायन में उभरते हुए कलाकार कल्याण सहाय कंडारा, जयपुर के दिनेश खींची, बुंदु खां खंडेला और विशेष प्रस्तुति जयपुर की जानी-मानी गायिका डॉ. वर्षा तनु की गजल 'आज जाने की जिद ना करो', 'खूबसूरत हैं आखें तेरी रात को जागना छोड़ देश', 'रंजिश हो सही दिल ही दुखाने के लिए', 'जिन्दगी में तो सभी प्यार किया करते हैंं', 'फिर छिड़ी बात...' आदि गजलों की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहा। वहीं रविवार को मशहूर गायक अनूप जलोटा (Anoop Jalota) और राजन प्रस्तुति देंगे।
समर कैंप में बच्चों ने सीखा कौशल
जयपुर। स्प्राउट््स इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर लवीना जसवानी और अंकित शर्मा की ओर से आयोजित समर कैंप में बच्चों में आध्यात्मिक, रचनात्मक, सृजनशीलता, कला कौशल का विकास करने के लिए आयोजित समर कैंप का समापन हो गया। कैंप में बच्चों ने हर दिन कुछ नया सीखने की कोशिश की। बच्चों को डांस-क्राफ्ट के बारे में समझाया गया कि कैसे हम वेस्ट मेटेरियल को भी घर डेकोरेशन में काम में ले सकते हैं। इसमें छात्र-छात्राओं में अलग ही जोश देखने को मिला। अंतिम दिन बच्चों ने पूल पार्टी का आनंद लिया। साथ ही प्रतिदिन नृत्य और योगा से बच्चों के शारीरिक मजबूती पर जोर दिया। एनआरआई ब्रांच की प्रिंसिपल रेणुका कुमावत एवं दीप्ति सक्सेना ने समर कैंप में भाग लेने वाले बच्चों को सम्मानित किया।