रजत चौहान और स्वाति दुधवाल बेहद ही प्रतिभाशाली तीरंदाज हैं। रजत-स्वाति राजस्थान के पहले दंपति हैं जो एक साथ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ललित पी. शर्मा, जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर ने दुनिया को एक से एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं। तीरंदाजी में लिंबाराम के बाद राजस्थान का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर चमकाने वाले अर्जुन अवॉर्डी रजत चौहान और उनकी पत्नी स्वाति दुधवाल का चयन एशिया कप के कंपाउंड स्पर्धा के लिए भारतीय टीम में हुआ है।
एशिया कप में भाग लेने वाली यह राजस्थान की पहली पति-पत्नी की जोड़ी है। बैंकॉक रवाना होने से पूर्व रजत-स्वाति ने 'पत्रिका' से बात करते हुए कहा कि कोलकाता के कैंप के जरिए हमारा चयन भारतीय टीम के लिए हुआ है। रजत ने कहा कि यह कहते हुए भी मुझे गर्व हो रहा है हमारी जोड़ी राजस्थान की पहली पति-पत्नी की जोड़ी है जो भारतीय टीम में एक साथ चयनित हुई है। वहीं स्वाति ने कहा कि एशिया कप में गोल्ड जीतने का लक्ष्य है और राजस्थान का नाम रोशन करना चाहेंगे।
अर्जुन अवॉर्डी रजत ने बताया कि हम दोनों का 2026 में होने वाले एशियन गेम्स के संभावित 16 खिलाड़ियों में भी चयन हो गया है। इसमें भी हम दोनों राजस्थान के लिए एक-साथ भाग लेने वाले पहले दंपति हैं। रजत राजस्थान पुलिस में डीएसपी पद पर हैं वहीं स्वाति विश्वविद्यालय में कार्यरत हैं।
रजत ने बताया कि हम दोनों 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स ओलंपिक की तैयारी कर रहे हैं। ओलंपिक में हमारा इवेंट कंपाउंड पहली बार शामिल किया गया है। मुझे बड़ी बेसब्री से इसका इंतजार था। अब हम दोनों का यही लक्ष्य है कि ओलंपिक में स्वर्ण जीत राजस्थान और देश का नाम रोशन करें।
एशिया कप के चुनी गई भारतीय टीम के कोच राजस्थान के अंतरराष्ट्रीय आर्चर योगेंद्र सिंह हैं। भरतपुर निवासी योगेंद्र के अनुसार रजत चौहान और स्वाति दुधवाल बेहद ही प्रतिभाशाली तीरंदाज हैं। दोनों ने जनवरी में कोलकाता के साई स्टेडियम में आयोजित हुए चयन स्पर्धा में अव्वल रहकर इस टूर्नामेंट में जगह बनाई थी। भारतीय टीम बहुत ही मजबूत टीम है और हमें पूरा विश्वास है कि टीम देश का नाम रोशन करेगी। रजत-स्वाति राजस्थान के पहले दंपति हैं जो एक साथ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
एशियन चैंपियनशिप