
जयपुर।
राजस्थान में अंबेडकर जयंती का राज्य स्तरीय समारोह मनाया जा रहा है। ऐसे में अंबेडकर जयंती पर भी राजस्थान की राजनीति थम नहीं रही है , अब प्रदेश के नेताओं ने अम्बेडकर जयंती को ही राजनीति का एक विषय बना लिया है। हाल ही में राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए बयान दिया था कि सरकारी खर्च से अंबेडकर जयंती मनाई जा रही है। इसी पर अब बीजेपी के मंत्री अरुण चतुर्वेदी ने भी कांग्रेस पर तंज कस पलटवार किया।
राजस्थान के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी ने सरकारी खर्च से अंबेडकर जयंती मनाने के कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट के आरोप पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की भी प्रदेश में सरकार रही है। तब आपको महापुरुषों की जयंती भव्यता से मनाने से किसने रोका था।
आरक्षण समाप्त करने को लेकर फैलाई जा रही है भ्रामकता
साथ ही चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस आरक्षण को लेकर लोगों को भ्रमित कर रही है कि केंद्र आरक्षण व्यवस्था को खत्म कर देगा। जबकि केंद्र या प्रदेश के किसी भाजपा नेता ने ऐसा कोई बयान तक नहीं दिया है। अरुण चतुर्वेदी ने शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। चतुर्वेदी ने कहा कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर जयंती पर 191 अम्बेडकर भवन बनाने की शुरुआत जयपुर से की गई है।
कांग्रेस को सिर्फ नेहरू-गांधी जयंती की भव्यता सुहाती
मुख्यमंत्री एससी-एसटी वर्ग के लोगों के दो लाख रुपए तक के कर्ज माफ करने की बजट घोषणा को मूर्त रूप देते हुए 11 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने कांग्रेस पर बयानबाजी करते हुए ये भी कहा कि कांग्रेस नेताओं को सिर्फ नेहरू-गांधी परिवार के अलावा किसी नेता की जयंती पर भव्यता नहीं सुहाती है।