
Rajasthan Crime : दो साल से फरार 25 हजार का इनामी तस्कर भैराराम गिरफ्तार। फोटो पत्रिका
Rajasthan Crime : राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ जारी 'ऑपरेशन मदभ्रमर' के तहत 2 साल से फरार 25 हजार रुपए के इनामी तस्कर भैराराम देवासी निवासी अगवरी, जालोर को पाली के तखतगढ़ से धर दबोचा। ANTF का यह 90वां बड़ा प्रहार है। भैराराम राजस्थान-मध्य प्रदेश सीमा से डोडा पोस्त तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का संचालन करता था। एएनटीएफ आइजी विकास कुमार ने बताया कि 5वीं पास भैराराम पहले भेड़-बकरी चराने व खेती का काम करता था।
आइजी विकास कुमार ने बताया कि वर्ष 2019 में पिता की मौत के बाद आर्थिक तंगी के चलते तस्करी से जुड़ा। पहले वह एक चक्कर के 50 हजार रुपए लेकर तस्करों के वाहन चलाता था। धीरे-धीरे संपर्कों का विस्तार कर उसने अपना खुद का तस्करी सिंडिकेट खड़ा कर लिया। उसकी आदत में शुमार था कि वह हमेशा अपने साथियों को आगे रखकर खुद पीछे रहता था। जब भी पुलिस कार्रवाई होती, उसके साथी पकड़े जाते और वह मौके से भाग निकलता। 2024 में आहोर में गांजा-पोस्त से भरी गाड़ी पकड़े जाने पर वह फरार हो गया था, जबकि उसका साथी गिरफ्तार हुआ था। वर्ष 2024 में आहोर में पहली बार उसके खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज हुआ था।
पुलिस से बचने के लिए उसने हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु व राजस्थान में 16 ठिकाने बदले। वह अपना मोबाइल इस्तेमाल न कर राहगीरों से फोन मांगकर बात करता था। 15 दिन पहले तखतगढ़ में कमरा लेकर दोबारा तस्करी शुरू की। वहां उसने एक तस्कर दोस्त के सामने पुलिस को चकमा देने की शेखी बघारी। भैराराम का यह ताना उसके तस्कर साथी को चुभ गया। इससे नाराज दोस्त ने एएनटीएफ को सीक्रेट लोकेशन दे दी कि भैराराम तख्तगढ़ में मौजूद है। सूचना मिलते ही ANTF की टीम ने भैराराम की फील्डिंग सजा दी और घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। कार्रवाई में शामिल टीम को एएनटीएफ मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने आम जनता से अपील की है कि नशे के कारोबार की जानकारी एएनटीएफ कंट्रोल रूम (0141-2502877) या व्हाट्सएप (9261225056) पर दें, पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
Updated on:
03 Sept 2026 09:25 pm
Published on:
03 Sept 2026 09:25 pm
