
जयपुर। करीब 2 माह पहले ट्वीट करके मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सचिव कुलदीप रांका पर सवाल उठाकर अपनी नाराजगी जाहिर करने वाले मंत्री अशोक चांदना का दर्द एक बार फिर छलक गया है। इस बार मंत्री अशोक चांदना ने कांग्रेस के अग्रिम संगठनों एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और सेवादल के बनीपार्क स्थित कार्यालय को खाली करवाने को लेकर सवाल खड़े किए हैं। मंत्री अशोक चांदना ने इस मामले को लेकर ट्वीट भी किया है और सीएम गहलोत को पत्र भी भेजा है और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से संज्ञान लेने की मांग भी की है।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में अशोक चांदना ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि बनीपार्क स्थित युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवा दल के कार्यालय को खाली करवाने की सूचना से मन पीड़ित है,मेरा मानना है कि यह तीनों ही संगठनों और उनके कार्यकर्ताओं के साथ न्याय नहीं है। मेरी आपसे मांग है कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं और मामले की गंभीरता को समझते हुए इस पर संज्ञान लें।
कई बार नाराजगी जाहिर कर चुके मंत्री चांदना
इससे पहले हाल ही में ग्रामीण ओलंपिक खेलों को लेकर सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित हुई प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भी अशोक चांदना पीछे की पंक्ति में बैठ गए थे, मुख्यमंत्री के बार-बार आग्रह करने के बावजूद भी वो आगे की पंक्ति में आने को तैयार नहीं थे।
इससे पहले भी खेल विभाग और खेल परिषद में अपनी उपेक्षा से नाराज होकर मंत्री अशोक चांदना ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सचिव कुलदीप रांका पर ही गंभीर आरोप लगाए थे जिसके बाद यह मामला सियासी गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया था। हालांकि बाद में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात के बाद अशोक चांदना शांत हुए थे।