
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा "बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव" पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने एक विस्तृत और भावुक संदेश साझा किया है। अपने सोशल मीडिया पोस्ट में अशोक गहलोत ने सोनिया गांधी द्वारा वर्ष 2004 में प्रधानमंत्री पद का सहर्ष त्याग करने वाले ऐतिहासिक क्षण को याद करते हुए उनके राजनीतिक सफर, त्याग और पार्टी के प्रति निष्ठा को अनुकरणीय बताया।
अशोक गहलोत ने वर्ष 2004 में यूपीए सरकार बनने के समय संसद भवन के सेंट्रल हॉल में हुए घटनाक्रम की यादों को ताजा करते हुए लिखा:
"आज सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' बाजार में आ गई है। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री पद त्यागने की घटना का विस्तार से वर्णन किया है। सोनिया गांधी का जीवन त्याग, तपस्या और संघर्ष की ऐसी मिसाल है, जो वर्तमान भारतीय राजनीति में बहुत विरल है। प्रधानमंत्री के जिस सर्वोच्च पद पर देश की जनता, कांग्रेस पार्टी और यूपीए गठबंधन के तमाम नेता जिन्हें देखना चाहते थे, उन्होंने उसे विनम्रता से अस्वीकार कर दिया। मैं स्वयं उस दिन संसद के सेंट्रल हॉल में मौजूद था, जब यूपीए के सभी सांसद चाहते थे कि सोनिया गांधी देश की प्रधानमंत्री बनें।'
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि सोनिया गांधी का यह फैसला सत्ता के मोह से परे देश और संगठन के व्यापक हितों के लिए लिया गया एक ऐतिहासिक निर्णय था। उस वक्त उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता वैचारिक विरोधी आरएसएस (RSS) और भाजपा की देश को बांटने वाली राजनीति से मजबूती से मुकाबला करने की थी। यह निर्णय उनके राजनीतिक व्यक्तित्व की दृढ़ता, त्याग और संगठन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को साफ तौर पर दर्शाता है।
गहलोत ने कहा कि आज भी आरएसएस और भाजपा की विभाजनकारी विचारधारा के सामने सबसे बड़ी वैचारिक चुनौती के रूप में गांधी परिवार देश के सामने अग्रिम पंक्ति में खड़ा है।
गांधी परिवार के खिलाफ होने वाले राजनीतिक हमलों पर गहलोत ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा 'गांधी परिवार के खिलाफ चारों ओर से कई षड्यंत्र किए गए, परन्तु उन्होंने हमेशा इन्हें बेहद शालीनता से सहन किया है। तमाम विपरीत परिस्थितियों, व्यक्तिगत हमलों और कठिन राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद इस परिवार ने देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और देश की अखंडता के लिए अपना संघर्ष लगातार जारी रखा है।'
अशोक गहलोत ने अपने संदेश का समापन करते हुए लिखा कि सोनिया गांधी का जीवन इस बात का सबसे बड़ा जीवंत प्रमाण है कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम भर नहीं है, बल्कि अपनी विचारधारा और सिद्धांतों के लिए बड़े से बड़े पद का त्याग करने का नाम भी है।