
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने किसान आंदोलन को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसान देश के अन्नदाता है, फिर भी केंद्र सरकार उनके साथ ऐसा व्यवहार कर रही है। नई पीढ़ी को क्या सीख दी जा रही है? किसानों के तो पहले भी आंदोलन हो चुके हैं। पिछले आंदोलन के दौरान किसानों ने सरकार को झुकाया था। लेकिन इनकी सोच निकम्मी और नाकारा है, जो देश को बर्बाद कर रही है। ईडी-सीबीआई के छापे लगातार पढ़ रहे हैं। आने वाले समय में पता नहीं देश कहां जाने वाला है?
गहलोत ने सोशल मीडिया पर एक वर्चुअल संदेश जारी करके भी सोनिया गांधी की राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवारी का स्वागत किया है। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री पद का त्याग करने वाली सोनिया गांधी को कांग्रेस पार्टी से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए जाने का हार्दिक स्वागत है। आज उनके राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर घोषणा होना पूरे प्रदेश के लिए खुशी की बात है और इस घोषणा से सारी पुरानी यादें भी ताजा हो गई हैं।'
गहलोत ने संदेश में आगे कहा, 'मेरे प्रथम कार्यकाल में जब 4 बार भयंकर अकाल-सूखे का सामना करना पड़ा, तब भी सोनिया गांधी ने अकाल राहत के कार्यों का जायजा लेने के लिए अनेकों जिलों के कई बार दौरे किए, जिन्हें राजस्थान की जनता अभी भी नहीं भूली है। यूपीए सरकार के समय राजस्थान में रिफाइनरी, मेट्रो जैसे बड़े प्रोजेक्ट लाने एवं केन्द्र से सहयोग दिलवाने में सोनिया गांधी ने एनएसी चेयरपर्सन के रूप में हमेशा राजस्थान के हितों की रक्षा कर मजबूती से पैरवी की।'