जयपुर

Ashok Gehlot : ‘पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त’, जोधपुर मर्डर पर अशोक गहलोत बोले- आमजन में बढ़ रहा है डर!

Ashok Gehlot : जोधपुर मर्डर पर कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने कहाकि प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसी स्थिति बनी है जब गृह विभाग पूरी तरह विफल हो गया है।
2 min read
• •
Updated: 20 Jun 2026, 1:54 PM IST
Ashok Gehlot said Jodhpur murder fear increase common people Home department failed
Jodhpur Murder : कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत। फाइल फोटो पत्रिका

Ashok Gehlot : जोधपुर में शुक्रवार को हुए एक मर्डर पर कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने राजस्थान की सरकार और राजस्थान के गृह विभाग पर जमकर निशाना साधा। अशोक गहलोत ने कहाकि प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसी स्थिति बनी है जब गृह विभाग पूरी तरह विफल हो गया है।

अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर आज शनिवार को लिखा कि जोधपुर में आपसी रंजिश के चलते एक व्यक्ति को सरेआम दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटना और फिर गोली मारकर हत्या कर देना, इस बात का जीता-जागता सबूत है कि पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

अशोक गहलोत ने आगे लिखा कि ये खौफनाक घटनाएं साफ संकेत हैं कि अपराधियों के दिलों से कानून और पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है। सरकार की नाकामी के कारण आज स्थिति बिल्कुल उलट गई है- आमजन में डर बढ़ रहा है और अपराधियों में विश्वास!" एक सभ्य समाज के लिए यह बेहद खतरनाक और चिंताजनक स्थिति है। सरकार तुरंत अपनी कुंभकर्णी नींद से जागे।

जानें क्या था मामला

जोधपुर शहर में बोम्बे मोटर से 12वीं रोड के बीच शुक्रवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए बदमाशों ने एसयूवी सवार विक्की फाइटर और सन्नी हंस पर जानलेवा हमला किया। कार के शीशे तोड़े और फायरिंग की। इसके बाद मौके से फरार हो गए। घटनास्थल से छर्रे भी मिले हैं। सूचना मिलते ही देवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शनिवार सुबह विक्की फाइटर की उपचार के दौरान मौत हो गई और सन्नी हंस की हालत नाजुक बनी हुई है। विक्की के सिर में और सन्नी के पीठ में गोली लगी थी। फायरिंग की घटना के बाद 3 थानों की पुलिस बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही हैं। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पूरे शहर में नाकाबंदी की गई। विभिन्न थानों की पुलिस भी तैनात की गई।

एसीपी पश्चिम नरेन्द्रसिंह देवड़ा ने बताया कि आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश है। आरोपी मोंटू कंडारा गैंग से जुड़े हुए हैं। हमलावरों की विशाल पंडित, चिकू, अजय घारू और सुनीत तेजी के रूप में पहचान हुई है। करीब दो माह पूर्व सन्नी हंस के भाई राहुल ने संजय मेघवाल के साथ मारपीट की थी। बदले के तौर पर आरोपियों के हमला किया।

फाइल वीडियो

Updated on:
20 Jun 2026, 1:54 PM IST
Published on: