
NEET Re-Exam : भीलवाड़ा में गिरफ्तार युवक। फोटो पत्रिका
NEET Re-Exam : री-नीट परीक्षा से पहले गुरुवार देर रात भीलवाड़ा पुलिस ने टेलीग्राम पर नीट का बोगस पेपर ऑनलाइन बेचते एक युवक को पकड़ा। युवक वीपीएन (वर्चुअल निजी नेटवर्क) से टेलीग्राम चलाकर उसके जरिए बोगस पेपर का सौदा रहा था। भ्रामक सामग्री फैलाने के आरोप में युवक को देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सागर राणा को मुखबिर से सूचना मिली कि री-नीट परीक्षा को लेकर बोगस और फर्जी पेपर लोगों तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
इस पर भीलवाड़ा के प्रतापनगर थानाप्रभारी सुनील ताड़ा की अगुवाई में टीम ने पटेलनगर में एक मकान की घेराबंदी करके दबिश दी। यहां आकाश चौधरी टेलीग्राम पर फर्जी पेपर ऑनलाइन बेच रहा था। उसके बैंक खाते की जांच की तो उसके पास 18 हजार रुपए मिले है। आरोपी से देर रात तक पूछताछ की जा रही थी।
नीट पेपर को लेकर केन्द्र सरकार ने देश में टेलीग्राम ऐप को आगामी 22 जून तक बंद कर रखा है। ऐसे में टेलीग्राम पर संदेश आदान-प्रदान बंद चल रहा है। इसके बावजूद धोखाधड़ी कर रहे आकाश ने विदेशी नेटवर्क से टेलीग्राम को जोड़कर बोगस प्रश्न पत्र बेचते मिला।
नीट री-एग्जाम आगामी 21 जून को आयोजित होगा। राजस्थान सरकार पूरी तरह सतर्क है। बीते रविवार को सीएम भजनलाल शर्मा ने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा कर और अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही गृह मंत्रालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित करने को कहा।
प्रदेश के सभी जिला कलक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केन्द्रों का स्वयं निरीक्षण करने और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रहेगी और अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
राजस्थान के 27 जिलों में 611 परीक्षा केन्द्रों पर लगभग 2 लाख 9 हजार अभ्यर्थी नीट री-एग्जाम में शामिल होंगे। सबसे अधिक 106 परीक्षा केन्द्र जयपुर में बनाए गए हैं। इसके अलावा सीकर में 102 और कोटा में 92 केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।
Updated on:
19 Jun 2026 06:35 am
Published on:
19 Jun 2026 06:27 am
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
