
जयपुर। राजस्थान की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और मौजूदा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने बड़ा बयान दिया है। गहलोत ने दोनों नेताओं के कामकाज के तरीकों की तुलना करते हुए कहा कि वसुंधरा राजे और भजनलाल शर्मा की कार्यशैली में रात-दिन का अंतर है। उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे के साथ उनके राजनीतिक मतभेद रहे, यहां तक कि पांच साल तक दोनों के बीच बातचीत भी नहीं हुई, लेकिन उनके शासन चलाने के तरीके और प्रशासन पर पकड़ में कोई दो राय नहीं है। वहीं, गहलोत ने भजनलाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नजर नहीं आ रही है।
एक बातचीत के दौरान अशोक गहलोत ने कहा कि वसुंधरा राजे केंद्रीय मंत्री भी रही थीं और उन्हें प्रशासनिक अनुभव था। उन्होंने उस अनुभव का इस्तेमाल राजस्थान में सरकार चलाने के दौरान भी किया। राजे ने कांग्रेस के खिलाफ चुनाव प्रचार किया, चुनाव जीता और मजबूती के साथ सरकार चलाई। गहलोत के मुताबिक, राजे ने ब्यूरोक्रेसी को अपने नियंत्रण में रखा, बल्कि कई बार जरूरत से ज्यादा नियंत्रण में रखा। उन्होंने यहां तक कहा कि राजे की बैठकों में कई अधिकारी बीमार पड़ जाते थे। उन्होंने अपने तरीके से शासन किया और जमकर किया।
गहलोत ने कहा कि भजनलाल शर्मा के पास पहले मुख्यमंत्री के रूप में काम करने का अनुभव नहीं था। इसलिए उन्होंने सोचा कि अपने लंबे राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव का लाभ उन्हें दिया जाए। उन्होंने कहा, ''मैं दिल से बात कर रहा था। आज भी मुख्यमंत्री के प्रति मेरी कोई शिकायत नहीं है, क्योंकि वह हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं।'' गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री पद का हमेशा सम्मान करना चाहिए। दीपावली, होली और जन्मदिन जैसे अवसरों पर सामाजिक संबंध बनाए रखना भी जरूरी है।
गहलोत ने भजनलाल सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की स्थिति ऐसी है कि ब्यूरोक्रेसी के साथ-साथ सत्ताधारी दल के लोग भी निजी तौर पर इसकी शिकायत कर रहे हैं। सार्वजनिक रूप से भी लोग कह रहे हैं कि उनकी सुनवाई नहीं हो रही और काम अटक रहे हैं। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री को मिले अवसर का बेहतर इस्तेमाल करना चाहिए था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भजनलाल शर्मा की विदेश यात्रा और प्रवासी राजस्थानियों से जुड़े निवेश आयोजनों पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री को इतनी जल्दी विदेश जाने की क्या जरूरत थी? उन्होंने कहा कि निवेश सम्मेलनों और आयोजनों पर करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद वास्तविक निवेश कितना आया, यह देखना जरूरी है।
गहलोत ने दावा किया कि ऐसे आयोजनों में घोषित निवेश का पूरा हिस्सा जमीन पर नहीं उतरता। उन्होंने विज्ञापन और आयोजन पर करीब 100 करोड़ रुपए खर्च होने का जिक्र करते हुए सवाल किया कि आखिर इससे प्रदेश को कितना वास्तविक फायदा मिला? उन्होंने कहा कि केवल आयोजन और प्रचार से निवेश नहीं आता, उसके परिणाम भी दिखाई देने चाहिए।