23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद CM बनने के सवाल पर क्या बोले सचिन पायलट? भाजपा को चेताया

पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद CM बनने के सवाल पर क्या बोले सचिन पायलट? भाजपा को चेताया

राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस को मिली बड़ी जीत को सचिन पायलट ने इसे जनता की जीत बताते हुए भाजपा को आत्मचिंतन की नसीहत दी है। वहीं, मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर भी उन्होंने खुलकर जवाब दिया। इसके साथ ही राजस्थान में होने वाले सत्ता परिवर्तन को लेकर भी इशारा किया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Kamal Mishra

•

Updated: 23 Nov 2026, 6:37 PM IST

Sachin Pilot

सचिन पायलट (Photo-IANS)

जयपुर। राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने जिला परिषद और पंचायत समिति, दोनों स्तरों पर भाजपा के मुकाबले बड़ी बढ़त हासिल की है। जिला परिषद की 1275 सीटों में कांग्रेस ने 796 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 359 सीटें मिलीं। वहीं, पंचायत समिति सदस्य की 7543 सीटों में से 7542 के घोषित परिणामों में कांग्रेस के खाते में 3772 और भाजपा के खाते में 2218 सीटें आईं। चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने इसे राजस्थान की जनता की जीत बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने भाजपा को आत्मचिंतन करने की नसीहत भी दी।

एक साक्षात्कार में सचिन पायलट ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं ने भाजपा सरकार, केंद्र सरकार और डबल इंजन की सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है। उनके मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस पहले भी मजबूत रही है, लेकिन इस बार भाजपा का प्रदर्शन आने वाले समय का संकेत है। भाजपा को समझना चाहिए कि आखिर ऐसे हालात क्यों पैदा हुए कि उसे इतनी बुरी हार का सामना करना पड़ा।

स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिया जीत का श्रेय

पायलट ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस ने यह चुनाव प्रदेश कांग्रेस कमेटी, स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से लड़ा। पार्टी ने जिम्मेदारियां तय की थीं और कैंपेन कमेटी के माध्यम से चुनाव की रणनीति बनाई थी। स्थानीय नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में मोर्चा संभाला और युवाओं को भी मौका दिया गया। उन्होंने इसे पार्टी की एकजुटता का परिणाम बताया।

उन्होंने भाजपा सरकार पर गांवों में काम नहीं करने का आरोप लगाया। पायलट के मुताबिक, किसानों को खाद और डीएपी के लिए परेशान होना पड़ा और मनरेगा को भी बंद रखा गया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव हाईकोर्ट के आदेश के बाद हुए, जबकि सरकार ने करीब डेढ़ साल तक चुनाव नहीं कराए थे। इन मुद्दों का असर चुनाव परिणामों में दिखाई दिया।

नगरपालिका चुनाव के परिसीमन पर भी उठाए सवाल

पायलट ने नगरपालिका चुनावों में परिसीमन को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि राजनीतिक हित साधने के लिए वार्डों की सीमाएं बदली गईं। कहीं 500 वोट का वार्ड था तो कहीं 5 हजार वोट का। उन्होंने कहा कि प्रशासन के दुरुपयोग के बावजूद कांग्रेस और भाजपा के बीच वोटों का अंतर एक प्रतिशत से भी कम रहा था। वहीं, ग्रामीण चुनावों में कांग्रेस को भाजपा के मुकाबले करीब पांच प्रतिशत की बढ़त मिली।

मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर दिया यह जवाब

साक्षात्कार के दौरान जब पायलट से पूछा गया कि इस तरह तो अगले सीएम आप बन जाएंगे? इसपर सचिन पायलट ने कहा कि ऐसे पद किसी को पहले से नहीं मिलते। पहले पार्टी चुनाव जीतती है। इसके अलावा राजस्थान में वैसे भी हर पांच साल में सत्ता बदल जाती है। उन्होंने कहा कि अगले 23-24 महीनों में कांग्रेस को इस बढ़त और माहौल को मजबूत करना है। वर्ष 2028 के चुनाव में राजस्थान सहित मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में अच्छे बहुमत के साथ जीतने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री पद को लेकर पायलट ने कहा कि यह सवाल 2028 के चुनाव परिणाम आने के बाद पूछा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ नेता मिलकर चुनाव लड़ते हैं। पायलट के इस बयान के बाद राजस्थान में कांग्रेस की चुनावी रणनीति और 2028 में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।

यह वीडियो भी देखें :