जयपुर

महादेव की शरण में राजे सरकार, सरकारी खर्चे पर शिव मंदिरों में हाेगा महारुद्राभिषेक

राज्य सरकार का देवस्थान विभाग सावन महीने के चारों सोमवारों को सरकारी खर्चे पर शिव मंदिरों में महारुद्राभिषेक करवाएगा।
2 min read
• •
Updated: 29 Jul 2018, 2:49 PM IST
 Shiva Rudrabhishek
महादेव की शरण में राजे सरकार, सरकारी खर्चे पर शिव मंदिरों में हाेगा महारुद्राभिषेक

सुरेश व्यास/जयपुर। चुनावी साल के सावन में सरकार देवाधिदेव महादेव की शरण में जा रही है। राज्य सरकार का देवस्थान विभाग सावन महीने के चारों सोमवारों को सरकारी खर्चे पर शिव मंदिरों में महारुद्राभिषेक करवाएगा। इसके लिए बाकायदा कलैंडर जारी किया गया है कि किस सोमवार कौनसे शिव मंदिर में होगा आयोजन। देखिए खास रिपोर्ट-

देवस्थान विभाग की मेजबानी में वेदपाठी पंडित सस्वर करेंगे वैदिक ऋचाओं का पाठ। गूंज उठेंगे शिवालय रूद्राष्ठध्यायी के श्लोकों से। जाहिर है आयोजन सरकारी है तो शिवभक्तों के साथ जुटेगी नेताओं और भाजपा के कार्यकर्ताओं की भीड़ भी। क्या इसमें भी छिपी है भीड़ जुटाकर वोटों को साधने की मंशा। ये सवाल तैरने लगा है राजनीतिक गलियारों में।

सरकार की ओर से हालांकि कहा यही जा रहा है कि प्रदेश की खुशहाली व सुख-समृद्धि के लिए देवस्थान विभाग करवा रहा है रुद्राभिषेक का आयोजन, लेकिन सियासी पंडित इसमें भी ढूंढ रहे हैं राज्य की भाजपा सरकार का नफा नुकसान। कारण कि संभवतः पहली बार इतने बड़े पैमाने पर शिवालयों में सरकार की ओर से करवाए जा रहे हैं रुद्राभिषेक। आइए अब आपको बताते हैं सावन के किस सोमवार को प्रदेश के किस शिवालय में शिव की शरण में होगी सरकार और कहां होगा रुद्राभिषेक।

किस सोमवार-कहां शिव की शरण

30 जुलाई
जयपुर--------------प्रतापेश्वर महादेव ,चांदनी चौक
भरतपुर-------------श्मसानेश्वर महादेव
उदयपुर-------------महाकालेश्वर मंदिर
कोटा---------------शिवपुरी धाम
अजमेर-------------कोटेश्वर महादेव मंदिर ,पुष्कर

6 अगस्त
जोधपुर------------जबरेश्वर महादेव मंदिर
दौसा---------------गुप्तेश्वर महादेव
अलवर------------लक्ष्मीनारायण मंदिर, मनु मार्ग
धौलपुर------------महादेव जी चौपड़
जैसलमेर----------मुक्तेश्वर महादेव गढ़ीसर तलाब के ऊपर
चूरू---------------महामंगलेश्वर महादेव, रतनगढ़
राजसमन्द-------रामेश्वर महादेव
झालावाड़-------भूतेश्वर महादेव मंदिर
भीलवाड़ा-------देवरिया बालाजी

13 अगस्त
डूंगरपुर----------भुवनेश्वर महादेव मंदिर
बीकानेर---------लालेश्वर महादेव शिव बाड़ी
सवाई माधोपुर--धुश्मेश्वर महादेव
जालोर-----------वैद्यनाथ महादेव मंदिर, खिरणी बावड़ी
पाली-------------सोमनाथ महादेव
हनुमानगढ़-------शिवाजी, दुर्गा मंदिर
चितौड़गढ़-------मातृ कुण्डिया
टोंक--------------भूतेश्वर महादेव मंदिर
बारां--------------मनिहारा महादेव मंदिर
सीकर------------भूतनाथ मंदिर

20 अगस्त
झुंझुंनूं-----------लावरेश्वर महादेव मंदिर
करौली---------प्रतापेश्वर महादेव मंदिर
बांसवाड़ा-------वनवेश्वर महादेव
बाड़मेर----------पीतेश्वर महादेव,पीपाजी का मंदिर
सिरोही----------सारणेश्वर महादेव
श्रीगंगानगर-----ज्योतिर्लिंग शिव मंदिर
प्रतापगढ़--------दीपनाथजी महादेव
अजमेर----------निम्बार्क कोट मंदिर
नागौर------------शिवबाड़ी मंदिर
बूंदी---------------खारेश्वर महादेव मंदिर

देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त राजीव कुमार का कहना है कि विभाग राज्य की खुशहाली और सुख समृद्धि की कामने के लिए सावन के चारों सोमवार और दो प्रदोष व्रतों पर शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक करवा रहा है। आयोजन में राजस्थान संस्कृत अकादमी के विद्वान पंडित भी वेद ऋचाओं का सस्वर पाठ करेंगे। प्रदेश के 33 जिलों के 39 शिवालयों में रुद्राभिषेक का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।


जानकार लोगों का मानना है कि सावन में रुद्राभिषेक के बहाने प्रदेश की भाजपा सरकार लोगों तक सीधी पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है। सावन के सोमवार को हर शिव मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटती है। रुद्राभिषेक होते हैं। सरकारी आयोजन के बहाने रुद्राभिषेक को भव्य आयोजन का रूप देकर सरकार शायद चुनावी साल में सियासी फायदा उठाने की फिराक में है।

Published on: