8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan: चुनावी रंजिश में 2 युवकों पर हमला, गंभीर हालत में जयपुर रेफर; गुस्साए ग्रामीणों ने थाने में दिया धरना

जयपुर जिले के विराटनगर थाना क्षेत्र में चुनावी रंजिश के चलते मारपीट कर दो युवकों को घायल करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कुकड़ेला गांव के ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Anil Prajapat

•

Updated: 8 Nov 2026, 10:15 AM IST

Viratnagar Police Station Protest

विराटनगर पुलिस के बाहर धरने पर बैठे ग्रामीण। फोटो: पत्रिका

जयपुर। जयपुर जिले के विराटनगर थाना क्षेत्र में चुनावी रंजिश के चलते मारपीट कर दो युवकों को घायल करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कुकड़ेला गांव के ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने विराटनगर थाना परिसर में धरना दिया। साथ ही पुलिस पर भी कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए।

पीड़ित पक्ष के अनुसार शनिवार देर शाम कुकड़ेला निवासी महेश सैनी के घर पर दूसरे समाज के एक दर्जन से अधिक लोग हथियारों से लैस होकर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान उन्हें उलाहना देने एवं समझाइश करने के लिए लीलाराम सैनी और राकेश सैनी मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर घायल कर दिया।

दोनों घायल जयपुर रेफर

घायलों को उपचार के लिए विराटनगर लाया गया, जहां आरोपी पक्ष के लोग भी पहुंच गए और फिर से मारपीट का प्रयास किया। इसके बाद उप जिला चिकित्सालय विराटनगर के चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष ने एक दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।

विराटनगर थाने में ग्रामीणों का प्रदर्शन

रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने विराटनगर थाना परिसर में धरना शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर विराटनगर नगरपालिका अध्यक्ष देशराज सैनी, उपाध्यक्ष महेश चंद्र वर्मा, वीरेंद्र गुर्जर, सैनी समाज विराटनगर के अध्यक्ष रोहिताश सैनी, उमराव सांखला और प्रकाश सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने थाना परिसर में ही धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

देर रात खत्म हुआ धरना

धरने पर बैठे लोगों का आरोप था कि राजनीतिक संरक्षण के चलते पुलिस आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष की ओर से एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई जा चुकी है, इसके बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। बाद में रात करीब एक बजे पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों का धरना खत्म हुआ।