जयपुर

Ayodhya Shri Ram Temple: रामोत्सव को लेकर ग्रेटर निगम की पहल, भगवान के चढ़े फूलों का होगा सदुपयोग

Ayodhya Shri Ram Temple: अयोध्या के श्रीराम मंदिर में रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रामोत्सव का आयोजन हो रहा है। जयपुर में रामोत्सव को लेकर ग्रेटर नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। भगवान को चढ़ें फूलों का अब सदुपयोग होगा।
2 min read
• •
Updated: 2 Jan 2024, 5:39 PM IST
Ayodhya Shri Ram Temple: रामोत्सव को लेकर ग्रेटर निगम की पहल, भगवान के चढ़े फूलों का होगा सदुपयोग
Ayodhya Shri Ram Temple: रामोत्सव को लेकर ग्रेटर निगम की पहल, भगवान के चढ़े फूलों का होगा सदुपयोग

जयपुर। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रामोत्सव का आयोजन हो रहा है। जयपुर में रामोत्सव को लेकर ग्रेटर नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। भगवान को चढ़ें फूलों का अब सदुपयोग होगा। रामोत्सव को लेकर ग्रेटर नगर निगम में संत-महंतों की बैठक हुई। इसमें आए प्रमुख मंदिरों के संत—महंतों ने रामोत्सव को लेकर अपने—अपने सुझाव दिए।

बैठक में भगवान के चढ़ने वाले फूलों से खाद बनाने और रामोत्सव को लेकर मंदिरों में दीपदान के साथ सुंदरकांड पाठ व हनुमान चालीसा के पाठ करने के सुझाव आए। बैठक की शुरुआत में मेयर सौम्या गुर्जर ने संत—महंतों का स्वागत किया। बैठक में मोती डूंगरी गणेशजी मंदिर के महंत कैलाश शर्मा ने मंदिर ट्रस्ट की ओर से कंपोस्ट मशीन लगाने की बात कही, हालांकि नगर निगम को जगह उपलब्ध करवानी होगी। शहर के मंदिरों से भगवान को चढ़ने वाली मालाओं एकत्र कर इस मशीन से खाद बनाई जाएगी, जिसे पौधों में डाला जाएगा। महंत ने रामोत्सव को लेकर शोभायात्रा निकालने की बात भी कही।

खाद का पौधों में किया जाएगा उपयोग
मेयर सौम्या गुर्जर ने बताया कि निगम की ओर से कंपोस्ट मशीन के लिए जल्द ही जगह का चयन किया जाएगा, इसके बाद मंदिरों से भगवान को चढ़ी मालाओं को एकत्र कर उनसे खाद तैयार की जाएगी, इस खाद को नगर निगम के पार्कों में पौधों में उपयोग किया जाएगा। वहीं नगर निगम की ओर से बुधवार को मंदिरों में साफ—सफाई करवाई जाएगी।

1100 दीपकों से जगमग होगा खोले का हनुमान मंदिर
खोले के हनुमानजी मंदिर समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने रामोत्सव को लेकर 22 जनवरी को खोले में हनुमानजी मंदिर में 1100 दीपक जलाने के अलावा मंदिर में सजावट की जाएगी। उन्होंने मंदिर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन करने की भी बात कही। वहीं मानसरोवर के प्रजापति विहार स्थित श्रीचिन्ताहरण काले हनुमान मंदिर के महामंडलेश्वर मनोहरदास ने कहा कि रामोत्सव को लेकर 22 जनवरी को मंदिर में सुंदरकांड पाठ व अखंड कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।

492 साल के इतिहास की लगेगी प्रदर्शनी
बैठक में पचार पीठ के सौरभ राघवेन्द्राचार्य ने कहा कि रामोत्सव को लेकर जगह—जगह गोष्ठी करवाई जानी चाहिए। वृंदावन धाम श्योपुर मंडल के विष्णु शर्मा ने भागवत कथा करवाने और राम जन्मभूमि के 492 साल के इतिहास की प्रदर्शनी लगाने की बात कही। जैन मंदिर सांगानेर में दीपदान होगा।

Published on: