
जयपुर. जयपुर विकास प्राधिकरण के प्रवर्तन दस्ते ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए ग्राम श्योपुर (बम्बाला पुलिया के पास) में 25 बीघा भूमि को अतिक्रमियों से मुक्त कराया। यहां कई साल पहले अवैध रूप से लोगों ने निर्माण कर लिया था। इसमें टोंक रोड की ओर तीन होटल और इतनी ही पक्की दुकानों का निर्माण कर लिया गया था। कार्रवाई का विरोध करने वाले हीरा खटीक और अशोक खटीक को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन रघुवीर सैनी ने बताया कि जोन-08 में द्रव्यवती नदी के किनारे ग्राम श्योपुर में 25 बीघा भूमि पर भू-माफियाओं ने कब्जा कर रखा था। इन सभी को पहले नोटिस देकर जमीन खाली करने के लिए कहा था, लेकिन किसी ने नोटिस का ध्यान नहीं दिया। मुख्य सड़क की ओर दुकानें और रेस्टोरेंट बने हुए थे। पीछे की ओर लोगों ने बाउंड्री वाल बना रखी थीं। सभी को जेसीबी की सहायता दे ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान जोन उपायुक्त मेघराज मीणा, एसीपी सांगानेर पूनमचंद सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस बल भी रहा तैनात
प्रवर्तन शाखा ने सुबह 10 बजे कार्रवाई शुरू की। इसके बाद पूरे इलाके को घेर कियाी। विरोध की स्थिति को देखते हुए सांगानेर थाना और कमिश्नरेट से अतिरिक्त जाप्ता बुलाया गया। विरोध करने वालों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। जमीन से अतिक्र्रमण हटाने के बाद जेडीए ने तारबंदी कर दी।