
मृतक कैलाश सिंह। फाइल फोटो- पत्रिका
जयपुर। आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों नया ट्रैक्टर लेने के लिए बस्सी जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जटवाड़ा पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई मोहनलाल मीणा ने बताया कि गिरधरवास जटवाड़ा निवासी मानसिंह (35) अपने पिता कैलाश सिंह (65) पुत्र बद्री सिंह राजपूत के साथ बाइक पर बस्सी जा रहे थे।
यह वीडियो भी देखें
पुलिस ने बताया कि दोनों नया ट्रैक्टर खरीदने की तैयारी में थे और इसी सिलसिले में घर से निकले थे। रास्ते में गोठड़ा स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े। घटना की सूचना मिलते ही जटवाड़ा पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
अस्पताल में चिकित्सकों ने कैलाश सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मानसिंह का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कैलाश सिंह का शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस परिवार में नया ट्रैक्टर आने की खुशी थी, वहां अचानक मातम छा गया। दुर्घटना के बाद आगरा-जयपुर हाईवे पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
Updated on:
03 Jun 2026 09:36 pm
Published on:
03 Jun 2026 09:36 pm
