
घटना स्थल पर मौजूद पुलिस और ग्रामीण (फोटो सोशल मीडिया)
Jaipur Murder: राजधानी जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चेतन पर्वत के पास जंगल में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। मृतक के शरीर पर कई जगहों पर चोट के गंभीर निशान मिले हैं। शरीर पर बने घावों को देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। माना जा रहा है कि युवक की हत्या कहीं और करके शव को छिपाने के उद्देश्य से जंगल में फेंका गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना पाकर हरमाड़ा थाना अधिकारी नरेंद्र भड़ाणा पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नजदीकी सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। फिलहाल, मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है, ताकि मृतक के बारे में कोई सुराग मिल सके। इसके अलावा, घटना स्थल के आसपास की सड़कों और इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, जंगल में शव मिलने की सूचना पर पुलिस और FSL टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला पहली नजर में हत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और मृतक की पहचान होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इस वारदात का पर्दाफाश कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
22 Jul 2026 03:25 pm
Published on:
22 Jul 2026 03:24 pm
