जयपुर

भजनलाल सरकार का अपने ही मंत्रियों को ‘झटका’, अब इस ‘फरमाइश’ पर रहेगी रोक – फॉर्मूला तय!

राज्य में विभिन्न सरकारों में अब तक मंत्री की पसंद के ही विशिष्ट सहायक लगते आए हैं। लेकिन, पहली बार राज्य की भजनलाल सरकार ने फॉर्मूला तय किया है कि मंत्रियों की पसंद के आरएएस अधिकारी (विशिष्ट सहायक) नहीं लगाए जाएंगे।
2 min read
Feb 06, 2024
bhajanlal_sharma_4.jpg
CM Bhajanlal Sharma

राज्य में विभिन्न सरकारों में अब तक मंत्री की पसंद के ही विशिष्ट सहायक लगते आए हैं। लेकिन, पहली बार राज्य की भजनलाल सरकार ने फॉर्मूला तय किया है कि मंत्रियों की पसंद के आरएएस अधिकारी (विशिष्ट सहायक) नहीं लगाए जाएंगे। इसके साथ ही जिस जाति का मंत्री है, उस जाति का विशिष्ट सहायक नहीं लगाया जाएगा। यह फार्मूला तीन दिन पहले 7 मंत्रियों के लगाए गए विशिष्ट सहायकों की सूची में देखने को मिला। दोनों उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा के उन्हीं की जाति और पसंद के शुरुआती दौर में लगाए गए विशिष्ट सहायकों को बदल दिया गया है। अब चर्चा है कि सरकार के इस निर्णय से मंत्रियों में अंदरखाने कुछ नाराजगी भी है। दरअसल, मंत्रियों के विशिष्ट सहायक लगाने को लेकर एक हजार से अधिक आरएएस अधिकारियों में से 60 का राज्य सरकार ने चयन किया है, जिनमें से विशिष्ट सहायक लगाए जाएंगे। अभी 16 मंत्रियों के और विशिष्ट सहायक लगाए जाने हैं।


सूत्रों के मुताबिक मुख्य सचिव की नियुक्ति के बाद से ही सरकार मंत्रियों के यहां विशिष्ट सहायक लगाने को लेकर तैयारी में जुट गई थी। इस मंथन और तैयारी में मंत्रियों के विशिष्ट सहायक लगाने को लेकर करीब 60 आरएएस अधिकारियों के नाम छांटना बताया जा रहा है। इन 60 आरएएस का गत पांच वर्ष से अधिक समय का सर्विस रेकॉर्ड और कार्यशैली देखी गई है। इनमें से अब तक 40 अधिकारियों की सूची तैयारी की जा चुकी है। इन चालीस में से 7 को सरकार दो उपमुख्यमंत्री और पांच मंत्रियों के यहां विशिष्ट सहायक नियुक्त कर चुकी है।


मुख्यमंत्री के साथ ही दोनों उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने शपथ ली थी। ऐसे में शुरुआती दौर में दोनों की पसंद के विशिष्ट सहायक लगा दिए गए थे। दिया कुमारी के यहां गोपाल सिंह और प्रेम चंद बैरवा के यहां सावन कुमार चायल को विशिष्ट सहायक लगाया गया था। मंत्रियों की शपथ होने के बाद विशिष्ट सहायक लगाने को लेकर नया फाॅर्मूला तय किया गया है। इसके तहत दोनों उप मुख्यमंत्रियों के विशिष्ट सहायकों को हटाकर नए विशिष्ट सहायक लगाए गए हैं। लेकिन, दोनों ही उप मुख्यमंत्रियों के अभी पुराने ही अधिकारी विशिष्ट सहायक का कामकाज देख रहे हैं।


सरकार ने नए फार्मूले के आधार पर ही कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, किरोड़ीलाल मीना, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, कन्हैयालाल चौधरी, हीरालाल नागर के यहां विशिष्ट सहायक नियुक्त किए हैं।


कैबिनेट मंत्रीः मदन दिलावर, जोगाराम पटेल, सुरेश रावत, अविनाश गहलोत, सुमित गोदारा, जोराराम कुमावत, बाबूलाल खराड़ी, हेमंत मीना।
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारः संजय शर्मा, गौतम कुमार दक, झाबर सिंह खर्रा
राज्यमंत्रीः ओटाराम देवासी, मंजू बाघमार, विजय सिंह, केके विश्नाई, जवाहर सिंह बेढम।


मंत्रियों को एक माह से अधिक समय बाद भी विशिष्ट सहायक नहीं मिलने का मामला विधानसभा में कांग्रेस की ओऱ से उठाया गया था।

Published on:
06 Feb 2024 07:22 am