अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तीन दिवसीय अधिवेशन में लेंगे भाग
जयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तीन दिवसीय अधिवेशन में भाग लेने के लिए प्रदेशभर के प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य और पदाधिकारी गुरुवार को दिल्ली पहुंच गए। तीन दिवसीय अधिवेशन शुक्रवार से शुरू हो रहा है। पहले दिन विभिन्न कमेटियों की बैठकें होंगी। अगले दो दिन होने वाले अधिवेशन में कांग्रेस पार्टी चुनावी रणनीति को लेकर मंथन करेगी। मुख्य रूप से अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव पर फोकस रहेगा। लेकिन इस साल राजस्थान सहित कुछ राज्यों में होने वाले चुनावों को लेकर भी मंथन होगा।
अधिवेशन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के भी सभी सदस्य मौजूद रहेंगे। ऐसे में राजस्थान के सदस्यों की नियुक्ति को लेकर देर रात तक मंथन चला। उसके बाद सूचियों को अंतिम रूप दिया जा सका। उधर, प्रदेश कांग्रेस के सभी नेताओं के दिल्ली में व्यस्त रहने के चलते राजस्थान में अगले तीन दिन कांग्रेस की गतिविधियां शांत रहेंगी। राजस्थान से इश सम्मेलन में पांच सौ से अधिक पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।
पायलट ने सीएम पर लगाया बौखलाहट में बयानबाजी का आरोप
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर चुनाव की हार से बौखलाहट में बयानबाजी करने का आरोप लगाया है। पायलट ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने वर्तमान कार्यकाल को श्रेष्ठतम बताने के प्रयास में यह भी भूल गई कि इससे पूर्व भी उन्हें पांच साल सरकार चलाने का अवसर मिला था। यह बयान देकर उन्होंने साबित कर दिया कि उनका पिछला कार्यकाल बिल्कुल नाकाम था। उनसे पहले प्रदेश में रही भाजपा की अन्य सरकारें भी नकारा थीं। राजनीति में जनता सरकार की कार्यप्रणाली पर अपना मत व्यक्त कर उसे स्वीकार कर लेती है अथवा नकार देती है। हाल ही लोकसभा व विधानसभा उप चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों को हर विधानसभा क्षेत्र में हजारों मतों से हार मिली है। कई बूथों पर तो भाजपा का खाता तक नहीं खुला। उसके बाद उनके बड़े बोल उन्हीं की गंभीरता पर सवाल खड़े करते हैं।