
शादाब अहमद / जयपुर . राजधानी के 'वीआईपी' कहे जाने वाले सेंट्रल पार्क पर बदनामी का छींटा लगा है। तीन विदेशी युवतियों को मनचलों ने एक बार नहीं कई बार छेड़ा, लेकिन अब तक पुलिस किसी को पहचान नहीं सकी है। पहचाने भी कैसे, पार्क में सीसीटीवी कैमरे ही नहीं हैं। गार्ड की पूरी फौज है, लेकिन दो किलोमीटर के पाथ वे पर कोई नजर नहीं आता। डरी और सहमी विदेशी युवतियों ने आखिर एक भारतीय दोस्त की मदद से अशोक नगर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस गुरुवार को पार्क पहुंची तो पत्रिका टीम ने भी वहां दौड़ लगाई।
पकडऩे आई पुलिस, पर जाने दिया
गुरुवार सुबह सादी वर्दी में पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान छेडख़ानी करने वाला कोई भी युवक सामने नहीं आया। लेकिन सुरक्षा व्यवस्था की पोल जरूर खुल गई। एक युवक कुछ दूर तक एक विदेशी युवती का थोड़ी दूर तक पीछा करता दिखा तो पुलिस ने उससे पूछताछ की और संतोषजनक जवाब देने पर जाने दिया। पुलिसकर्मियों ने युवतियों से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
बीस गार्ड तैनात, पता नहीं कहां लगे
सेन्ट्रल पार्क की सुरक्षा की जिम्मेदारी वन विभाग के पास है। यहां करीब बीस सुरक्षा गार्ड तैनात कर रखे हैं, लेकिन अधिकांश गार्ड सिर्फ मुख्य द्वारों पर ही दिखाई देते हैं। पार्क के अंदर कोई नहीं जाता है।
सुनसान इलाका, सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं
सेन्ट्रल पॉर्क में प्रतिदिन सैकड़ों लोग पहुंचते हैं। करीब चार किलोमीटर लंबे जॉगिंग पाथ पर एक गार्ड भी तैनात नहीं मिला। इसके साथ ही करीब दो किलोमीटर का इलाका लगभग सुनसान सा दिखा। यहां सिर्फ दौड़ लगाते कुछ लोग मिले। वहीं इस सुनसान इलाके में सीसीटीवी कैमरे और इमरजेंसी कॉल करने की सुविधा तक उपलब्ध नहीं मिली।
बोलीं विदेशी युवतियां, अब तो डर लगता है
ब्राजील निवासी शिकायतकर्ता युवती ने बताया कि पांच वर्ष से अधिक से जयपुर में हैं। यहां रोज आती हैं। कुछ दिनों से कुछ युवक पीछा कर रहे हैं और करीब पांच बार छेड़खानी कर चुके हैं। मैं बेहद डर गई हूं। यहां आने में कई बार डर लगता है।
Published on:
15 Mar 2018 09:27 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
