जयपुर

RPSC Update: वरिष्ठ अध्यापक उर्दू-संस्कृत विषय की प्रक्रिया तेज, आरएएस सफल अभ्यर्थियों के अंक सार्वजनिक

Government Jobs Rajasthan: संस्कृत विषय अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन डीटेल्ड फॉर्म अनिवार्य, 10 से 16 फरवरी तक मौका। आरएएस भर्ती-2023 के सफल अभ्यर्थियों के अंक वेबसाइट पर उपलब्ध, बढ़ी पारदर्शिता।

2 min read
Feb 06, 2026
फोटो-पत्रिका

जयपुर. राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने विभिन्न भर्तियों से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाते हुए अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट जारी की है। वरिष्ठ अध्यापक भर्ती-2024 के तहत उर्दू और संस्कृत विषयों के लिए पात्रता जांच एवं दस्तावेज सत्यापन की कार्यवाही शुरू कर दी गई है, वहीं आरएएस भर्ती-2023 के सफल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक भी सार्वजनिक कर पारदर्शिता को मजबूत किया गया है। आयोग ने अभ्यर्थियों को समय सीमा में ऑनलाइन आवेदन व दस्तावेज अपलोड करने की सलाह दी है, ताकि चयन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके। ये फैसले भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और भरोसेमंद बनाने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं।


वरिष्ठ अध्यापक उर्दू विषय की पात्रता जांच के लिए विचारित सूची जारी

जयपुर. राजस्थान लोक सेवा आयोग ने वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2024 के अंतर्गत उर्दू विषय के पदों के लिए पात्रता जांच के लिए विचारित सूची जारी कर दी है। आयोग सचिव के अनुसार सामान्य ज्ञान की परीक्षा 9 सितंबर तथा उर्दू विषय की परीक्षा 10 सितंबर 2025 को आयोजित की गई थी। दोनों प्रश्न पत्रों में उपस्थित होकर न्यूनतम उत्तीर्णांक प्राप्त करने वाले गैर अनुसूचित क्षेत्र के 6 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए सूची में शामिल किया गया है। अनुसूचित क्षेत्र के लिए न्यूनतम अंक प्राप्त अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने से वहां सूची जारी नहीं की गई। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह केवल पात्रता जांच के उद्देश्य से है, न कि चयन या वरीयता सूची। अंतिम चयन माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा दस्तावेजों की जांच के बाद घोषित किया जाएगा। अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।


संस्कृत विषय के अभ्यर्थियों को ऑनलाइन भरना होगा विस्तृत आवेदन

जयपुर. वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) भर्ती-2024 के तहत संस्कृत विषय की विचारित सूची में शामिल अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने विस्तृत आवेदन प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी किया है। अस्थायी रूप से चयनित सभी अभ्यर्थियों को एसएसओ आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर लॉगिन कर माय रिक्रूटमेंट–डीटेल्ड फॉर्म कम स्क्रूटनी के विकल्प से ऑनलाइन आवेदन भरना अनिवार्य होगा। यह लिंक 10 फरवरी से 16 फरवरी 2026 रात 11:59 बजे तक उपलब्ध रहेगा। निर्धारित समयावधि में आवेदन नहीं करने पर अभ्यर्थिता प्रभावित हो सकती है। आयोग ने बताया कि आवेदन पत्रों और अपलोड किए गए दस्तावेजों की जांच संबंधित माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा की जाएगी। अभ्यर्थियों को सभी प्रमाण पत्र सावधानीपूर्वक अपलोड करने की सलाह दी गई है ताकि सत्यापन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

आरएएस भर्ती-2023 के सफल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक जारी

जयपुर. राजस्थान लोक सेवा आयोग ने राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2023 के सफल और अभिस्तावित अभ्यर्थियों के प्राप्तांक जारी कर दिए हैं। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी अंतिम परिणाम में सफल अभ्यर्थी अब अपने लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के अंक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। इससे अभ्यर्थियों को अपनी मेरिट और प्रदर्शन का स्पष्ट आकलन करने में सहायता मिलेगी। आयोग ने पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की है। साथ ही भविष्य में आयोजित होने वाली अन्य परीक्षाओं या जिनके अंतिम परिणाम शेष हैं, उनके परिणाम जारी होने के बाद भी संबंधित अभ्यर्थियों के अंक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी।

Updated on:
06 Feb 2026 10:19 am
Published on:
06 Feb 2026 10:12 am
Also Read
View All

अगली खबर