
जयपुर
कोरोना वायरस के संक्रमण काल के बीच युवाओं के लिए एक खुशखबरी निकल कर सामने आई है। बेरोजगारों के लिए खुशखबरी यह है कि राज्य सरकार ने हजारों सरकारी पदों पर भर्ती निकाली हैं। भर्ती को लेकर राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने विज्ञप्ति भी जारी कर दी है।बोर्ड ने पैरा मेडिकल संवर्ग के लैब टेक्नीशियन और सहायक रेडियोग्राफर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए है। चयन बोर्ड की जारी विज्ञप्ति के अनुसार लेब टेक्नीशियन के कुल पद 1119 और सहायक रेडियोग्राफर के 1058 पदों पर यह भर्ती होगी।
पदों का विवरण
लैब टेक्नीशियन : 1014 (गैर अनुसूचित क्षेत्र), 105 (अनुसूचित क्षेत्र) कुल - 1119
सहायक रेडियोग्राफर : 959 (गैर अनुसूचित क्षेत्र), 99 (अनुसूचित क्षेत्र) कुल - 1058
18 जून से भरे जाएंगे आवेदन
इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 18 जून से शुरू होगी। आवेदन शुल्क जमा कराने व ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 2 जुलाई मध्य रात्रि तक रहेगी। आवेदन शुल्क भी ऑनलाइन ही जमा करवाना होगा। 18 से 40 वर्ष तक की आयु के योग्य उम्मीदवार इन पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। आयु की गणना 1 जनवरी, 2021 को आधार मानकर की जाएगी। आवेदन करने के लिए सामान्य वर्ग/ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग व क्रीमीलेयर श्रेणी के अन्य पिछड़ा वर्ग /अति पिछड़ा वर्ग के आवेदकों के लिए 450 रुपए शुल्क् तय किया गया है। इसके अलावा राजस्थान के नॉन क्रीमीलेयर श्रेणी के पिछड़ा वर्ग/ अति पिछड़ा वर्ग आवेदकों के लिए 350 रुपए और
समस्त विशेष योग्यजन तथा राजस्थान के अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति के आवेदकों के लिए 250 रुपए आवेदन शुल्क तय किया गया है। योग्यता व भर्ती संबधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड राजस्थान की वेबसाइट पर विजिट करना होगा। बता दे कि कर्मचारी चयन बोर्ड ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं राजस्थान जयपुर के लिए राजस्थान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधीनस्थ सेवा नियम 1965 यथा संशोधित तथा राजस्थान अनुसूचित क्षेत्र अधिनस्थ, मंत्रालयिक एवं चतुर्थ श्रेणी सेवा नियम 2014 के अंतर्गत लैब टेक्नीशियन व सहायक रेडियोग्राफर पदों के लिए बोर्ड ने निर्धारित प्रपत्र में ऑनलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए है।
-हिमांशु शर्मा