जयपुर

बीसलपुर डेम : हफ्तेभर तक जलधारा का उत्सव ! जानें कौन बना मददगार…

बीसलपुर डेम के सप्ताहभर और छलकने की उम्मीद है। तालाब, एनिकट ने त्रिवेणी में पानी का फ्लो बढ़ाया
2 min read
Oct 03, 2024
Feature image

जयपुर। पिंकसिटी की लाइफलाइन बीसलपुर डेम पिछले 29 दिन से फुल कैपेसिटी पर है। डेम से लगातार पानी की निकासी हो रही है वहीं आगामी सप्ताहभर और डेम के खुले एक गेट से पानी की निकासी जारी रहने की संभावना है। मानसून लौटने के बावजूद त्रिवेणी में भी अभी पानी का बहाव ढाई मीटर से ज्यादा उंचाई पर बना रहा है जिसके चलते बांध में हो रही पानी की आवक को डाउन स्ट्रीम में छोड़ा जा रहा है।

डेम स्थित कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार पिछले दिनों भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ जिले में हुई बारिश के अलावा बनास नदी के आस पास बने तालाबों और एनिकट से होकर पानी सहायक नदियों में आ रहा है। त्रिवेणी में पानी का बहाव आज सुबह 2.80 मीटर पर चल रहा है जिसके कारण बीसलपुर डेम से 1503 क्यूसेक पानी प्रति सैकेंड डाउन स्ट्रीम में छोड़ा जा रहा है। मालूम हो डेम की कुल जलभराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर है और अभी डेम फुल कैपेसिटी पर है। ऐसे में डेम में पानी का दबाव कम करने की गरज से पानी की निकासी आज लगातार 29वें दिन भी की जा रही है।

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की मानें तो आगामी सप्ताहभर और बीसलपुर डेम छलकने वाला है। त्रिवेणी में पानी का बहाव दो मीटर से कम होने पर ही डेम के खुले एक गेट को बंद करने पर विचार किया जाएगा। हालांकि जयपुर, अजमेर और टोंक जिले को डेम से रोजाना जलापूर्ति करने के बावजूद डेम का जलस्तर उच्चतम स्तर पर मेंटेन है लेकिन इससे उपर हो रही पानी की आवक को स्टोरेज क्षमता कम होने के कारण बनास नदी में छोड़ने के अलावा अन्य कोई विकल्प फिलहाल नहीं है।

बीसलपुर बांध का एक गेट नंबर 9 अभी 25 सेंटीमीटर उंचाई तक खोलकर 1503 क्यूसेक प्रति सैकेंड पानी डाउन स्ट्रीम में छोड़ा जा रहा है। डेम के अलावा बनास नदी से सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता होने पर इस साल किसानों के चेहरे खिल उठे हैं और बनास नदी के आस पास करीब डेढ़ लाख हैक्टेयर सिंचित भूमि पर किसानों ने आगामी फसलों की बुवाई को लेकर कृषि कार्य भी शुरू कर दिए हैं।

Published on:
03 Oct 2024 09:55 am