जयपुर। प्रदेश के पश्चिमी इलाकों के बाद अब दक्षिण पश्चिमी मानसून की आज से पूर्वी इलाकों से विदाई शुरू हो गई है। अगले दो तीन दिन में प्रदेशभर से मानसून के लौटने की औपचारिक घोषणा मौसम विभाग करेगा। वहीं इस बार प्रदेशभर में सीजन में मेघ जमकर मेहरबान हुए हैं और करीब सामान्य से 50 फीसदी से ज्यादा हुई बारिश ने प्रदेश के अधिकांश छोटे बड़े बांधों और तालाबों को लबालब कर दिया है। आधे प्रदेश से मानसून विदा होने के बाद भी कोटा संभाग के चार बड़े बांधों के गेट ओवरफ्लो होने के कारण पिछले सप्ताह खोलने पड़े। वहीं जयपुर समेत तीन जिलों का प्रमुख पेयजल स्त्रोत बीसलपुर बांध आज लगातार 26वें दिन भी छलक रहा है।