
घरेलू नौकरानी की बड़ी वारदात (फोटो-एआई)
Jaipur Maid Theft: जयपुर के मालवीय नगर इलाके में घरेलू नौकरानी द्वारा विश्वासघात और चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। जगतपुरा स्थित पामकोर्ट कॉलोनी में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला के घर से नौकरानी ने लाखों रुपए के सोने के जेवरात और नकदी पार कर दी।
हैरानी की बात यह है कि आरोपी नौकरानी को केवल एक महीने पहले ही काम पर रखा गया था। घटनाक्रम के अनुसार, 62 वर्षीय सोनिया उप्रेती ने मालवीय नगर थाने में इस संबंध में मामला दर्ज करवाया है।
रिपोर्ट में बताया गया कि करीब एक महीने पूर्व उन्होंने घर की साफ-सफाई और अन्य कार्यों के लिए एक महिला को काम पर रखा था। 19 फरवरी को सोनिया ने नौकरानी को कुछ पुराने कपड़े व्यवस्थित करने के लिए दिए थे।
सोनिया उप्रेती के मुताबिक, जिन कपड़ों को उन्होंने नौकरानी को संभालने के लिए दिया था, उनके बीच ही एक पाउच रखा हुआ था। इस पाउच में 65 हजार रुपए नकद और एक छोटी पोटली में सोने की दो चेन व 6-7 जोड़ी कानों के टॉप्स रखे हुए थे।
इसके अलावा कपड़ों की तह के नीचे उनके सोने के दो कंगन भी रखे थे। अनजाने में यह कीमती सामान कपड़ों के साथ ही नौकरानी के पास चला गया।
21 फरवरी को आरोपी नौकरानी ने खाटूश्यामजी मंदिर जाने का बहाना बनाया और छुट्टी लेकर चली गई। अगले दिन जब वह वापस काम पर लौटी, तब तक सोनिया को अलमारी और कपड़ों के बीच रखे गहने व कैश गायब होने का अहसास हो चुका था। जब उन्होंने सामान की तलाश की और नौकरानी की संदिग्ध गतिविधियों पर गौर किया, तो उन्हें चोरी का पूरा यकीन हो गया।
शुरुआत में मकान मालिक ने नौकरानी को तुरंत काम से हटा दिया, लेकिन गहनता से जांच करने पर पाया कि गहने और नकदी वास्तव में चोरी हो चुके हैं। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।
मालवीय नगर थाना पुलिस ने चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और अब नौकरानी की तलाश में जुट गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या नौकरानी ने पहले भी कहीं इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।
Updated on:
15 Mar 2026 07:31 pm
Published on:
15 Mar 2026 07:31 pm
